Winter Olympics 2018: दक्षिण कोरिया के प्योंगचांग में जारी शीतकालीन ओलंपिक खेल-2018 में कुल 35,000 लोगों ने हिस्सा लिया है। शीतकालीन ओलंपिक खेलों का प्रसारण भारत की प्रसिद्ध टीवी एप-जियो टीवी पर किया जा रहा है। गुरुवार को कंपनी ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। जियो टीवी अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के साथ मिलकर खेलों को भारत में प्रसारित कर रही है।

शीतकालीन ओलंपिक खेल इस दक्षिण कोरिया शहर में 9-25 फरवरी तक चलेंगे। इन खेलों में कुल 15 खेलों में 102 स्पर्धाएं होगी। इनमें स्कीइंग, ल्यूग, स्की जम्पिंग, आइस हॉकी, स्नो बोर्डिग जैसे खेल शामिल हैं। इन खेलों में 90 देश हिस्सा ले रहे हैं जिसमें भारत के ल्यूक खिलाड़ी शिवा केशवनन और क्रॉस कंट्री स्काइयर जगदीश सिंह भी शामिल हैं।

जियो टीवी इन खेलों के लिए 24 घंटे अपने प्लेटफॉर्म पर कई चैनल स्थापित कर इन खेलों का प्रसारण कर रहा है। इन खेलों के सीधे प्रसारण के अलावा हाइलाइट भी उपलब्ध हैं। जियो टीवी के अलावा आईओसी का शीतकालीन ओलंपिक चैनल भी भारत में इन खेलों का सीधा प्रसारण कर रहा है। इस इवेंट के दौरान उत्तर और दक्षिण कोरिया 12 साल में पहली बार एक झंडे तले आए हैं। ओलंपिक का लाइव कवरेज भारतीय समय के अनुसार सुबह 5:30 बजे से जियो टीवी, ओलंपिक चैनल और यू ट्यूब के ओलंपिक चैनल पर देखा जा सकता है।