Wimbledon 2019 Men’s final: सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने रविवार रात विम्बलडन के पुरुष एकल का खिताब जीत लिया। उन्होंने खिताबी मुकाबले में स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर को 4 घंटे 57 मिनट में 7-6 (7-6), 1-6, 7-6 (7-4), 4-6, 13-12 (7-3) से हराया। फेडरर और जोकोविच पांचवां सेट करीब 2 घंटे तक चला। इससे पहले विम्बलडन का कोई भी फाइनल इतनी देर तक नहीं चला था। वैसे विम्बलडन में सबसे देर तक मैच चलने का समय 11 घंटे 5 मिनट का है। 2010 के विम्बलडन के पहले दौर में अमेरिका के जॉन इस्नर को फ्रांस के निकोलस माहुत को हराने में 11 घंटे 5 मिनट लगे थे। तब यह मैच 3 दिन तक चला था और तीसरे दिन इस्नर ने 6–4, 3–6, 6–7(7–9), 7–6(7–3), 70–68 से मैच जीता था।
जोकोविच ने लगातार दूसरे साल विम्बलडन का खिताब जीता है। उन्होंने करियर में पांचवीं बार विम्बलडन के पुरुष एकल का खिताब जीता है। उन्होंने स्वीडन के ब्योर्न बोर्ग की बराबरी की। बोर्ग भी 5 बार विम्बलडन की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर चुके हैं। फेडरर और जोकोविच के बीच विम्बलडन का यह पांचवां मुकाबला था। इसमें जोकोविच ने चौथी बार फेडरर पर जीत हासिल की है। सर्बियाई खिलाड़ी ने 2014 और 2015 के विम्बलडन फाइनल में भी फेडरर को हराकर खिताब जीता था। 2012 विम्बलडन सेमीफाइनल में फेडरर को एकमात्र जीत मिली थी। ग्रैंड स्लैम में दोनों खिलाड़ी 16 बार आमने-सामने हुए हैं। इसमें 10 बार जोकोविच और 6 बार फेडरर जीत हासिल करने में सफल रहे हैं।
जोकोविच ने जीता 16वां ग्रैंड स्लैम
जोकोविच ने अपने करियर का 16वां ग्रैंड स्लैम जीता। हालांकि, विश्व में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने के मामले में फेडरर ही शीर्ष पर हैं। फेडरर 20 बार ग्रैंड स्लैम का खिताब जीत चुके हैं। उन्होंने 8 बार विम्बलडन, 6 बार ऑस्ट्रेलियन ओपन, 5 बार यूएस ओपन और एक बार फ्रेंच ओपन जीतने में सफलता हासिल की है। जोकोविच ने सबसे ज्यादा 7 बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता है। उन्होंने पांच बार विम्बलडन, 3 बार यूएस ओपन और एक बार फ्रेंच ओपन जीता है।

