सानिया मिर्जा और कर्स्टन फ्लिपकेंस को आज यहां विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला युगल में स्विट्जरलैंड की दिग्गज मार्टिना हिंगिस और युंग जान चेन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। सानिया और बेल्जियम की उनकी जोड़ीदार को तीसरे दौर के मुकाबले में तीसरी वरीय जोड़ी के खिलाफ 71 मिनट में 2-6 4-6 से हार झेलनी पड़ी। सानिया की चुनौती हालांकि मिश्रित युगल में बरकरार है जहां वह क्रोएशिया के इवान डोडिग के साथ हिस्सा ले रही हैं। जूनियर प्रतियोगिता में भारत की महक जैन ने लड़कियों के एकल वर्ग में क्रोएशिया की लिया बोसकोविच को 7-6 4-6 6-4 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। सिद्धांत बंठिया को हालांकि लड़कों के एकल के पहले दौर में फ्रांस के मातियो मार्टिन्यू के खिलाफ 6-3 2-6 5-7 से हार का सामना करना पड़ा।
आपको बता दें कि 6 जुलाई को भारत की अग्रणी महिला टेनिस स्टार सानिया मिर्जा गुरुवार को यहां जारी साल के तीसरे ग्रैंड स्लैम विंबलडन के महिला युगल वर्ग के दूसरे दौर में पहुंच गईं थीं। सानिया ने अपनी बेल्जियाई जोड़ीदार क्रीस्टीन फ्लिपकिंस के साथ जापान की नाओमी ओसाका और चीन की शुआई झांग को पराजित किया था।
सानिया और क्रीस्टीन ने यह मैच एक घंटे 12 मिनट में 6-4, 6-3 से जीता। पुरुष युगल में भारत के पूरब राजा और द्विज शरण भी दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे। द्विज और पूरब ने ब्रिटेन के केल एडमंड्स और पुर्तगाल के जोआओ सौसा को 7-6(2), 3-6, 6-4, 7-6(8) से हराया।
