Birmingham 2022 Commonwealth Games: बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 की स्वर्ण पदक विजेता मीराबाई चानू और पूरे भारतीय भारोत्तोलन दल का इंग्लैंड से भारत लौटने पर शनिवार सुबह अमृतसर हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। भारत लौटने के बाद टोक्यो ओलंपिक की पदक विजेता ने जो पहली चीज खाने के लिए मांगी वह थी मसाला डोसा के साथ कड़क चाय। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि राष्ट्रमंडल खेलों में पदकों की हैट्रिक लगाने के बाद अब उनका अगला लक्ष्य क्या है?
इस हफ्ते की शुरुआत में, मीराबाई चानू ने महिला भारोत्तोलन के 49 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक था। राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारतीय वेटलिफ्टर्स ने कुल 10 पदक जीते। इनमें से 7 पदक पुरुषों और 3 पदक महिला भारोत्तोलन ने जीते। पुरुष वेटलिफ्टर्स ने 2 गोल्ड मेडल जीते।
महिला वर्ग में मीराबाई चानू ने ही गोल्ड मेडल जीता। मीराबाई चानू ने अपने उल्लेखनीय प्रदर्शन से स्नैच में राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप और राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड तोड़ा। टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू ने 201 किग्रा (88 किग्रा+113 किग्रा) का कुल भार उठाया। हालांकि, यह उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ से काफी कम है।
मीराबाई चानू ने क्लीन एंड जर्क में अपने शरीर के वजन से दोगुने से ज्यादा (109 किग्रा, 113 किग्रा) भार उठाया। मीराबाई चानू ने अप्रैल 2021 में ताशकंद में 2020 एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। तब उन्होंने कुल 205 किग्रा (86 किग्रा+119 किग्रा) वजन उठाया था। चानू ने तब क्लीन एंड जर्क में 119 किलोग्राम वजन उठाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
मीराबाई टोक्यो में पदक जीतने के अलावा ओलंपिक के छल्ले के आकार की ईयररिंग्स (झुमिकयां) पहनने के लिए भी चर्चा में थीं। मीराबाई चानू का कहना है कि वह अगले ओलंपिक तक कानों में इस ईयररिंग्स को पहनेंगी और सिल्वर को गोल्ड मेडल में बदलेंगी। अगले ओलंपिक खेल 2024 में पेरिस में होने हैं।
विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक क्वालिफिकेशन है मीराबाई चानू का अगला लक्ष्य
मीराबाई चानू ने 2014 में ग्लासगो और 2018 गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में क्रमश: रजत और स्वर्ण पदक जीते थे। मीराबाई चानू ने अब बर्मिंघम में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रमंडल खेलों में अपने पदकों की हैट्रिक पूरी की। हालांकि, मीराबाई चानू ने भले ही अपने राष्ट्रमंडल खेलों के खिताब का बचाव किया हो, लेकिन उनका मुख्य लक्ष्य दिसंबर में विश्व चैंपियनशिप और उसी महीने में शुरू होने वाला ओलंपिक क्वालिफिकेशन राउंड है।