भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली आज यानी 5 नवंबर 2019 को अपना 31वां जन्मदिन मना रहे हैं। उन्होंने अपने इस जन्मदिन को मनाने के लिए पहाड़ों के देश भूटान को चुना। वे पड़ोसी मुल्क की यात्रा के अनुभव को भी सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। साथ ही इस दौरान हुए अनुभव को भी अपने फैंस के साथ साझा कर रहे हैं। इसी क्रम में अनुष्का ने अनजान मेजबान के मेहमान बनने के अनुभव का साझा किया।
विराट और अनुष्का अपनी यात्रा के दौरान सोमवार रात यानी 4 नवंबर 2019 को भूटान के एक छोटे से गांव में रुके। इस दौरान उस गांव के एक परिवार ने उनके साथ कैसा बर्ताव किया, कैसी खातिरदारी की। इसे लेकर अनुष्का ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखी है। अनुष्का की यह इमोशनल पोस्ट निश्चित तौर पर आपका दिल छू लेगी।
अनुष्का ने विराट और उस गांव के परिवार के लोगों के साथ ली गई तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, ‘आज हमने 8.5 किलोमीटर का ट्रेक किया और पहाड़ पर बसे एक छोटे से गांव पहुंचे। यहां हमने गाय के बच्चे को खाना खिलाया, जो 4 महीने का है। इसके बाद उस घर के मालिक ने हमसे पूछा क्या हम थके हुए हैं और चाय लेंगे? उनके कहने पर हम उनके खूबसूरत घर में पहुंचे, जहां बहुत ही प्यारी फैमिली ने हमारा स्वागत किया। हमने उस परिवार के साथ कुछ वक्त बिताया। चाय पी और बातें की। यह परिवार नहीं जानता था कि हम कौन हैं। वे सिर्फ इतना जानते थे कि हम दो थके हुए ट्रेकर हैं।’
अनुष्का ने लिखा, ‘जो भी लोग मुझे और विराट को करीब से जानते हैं, उन्हें पता है कि हम ऐसी ही सादगी भरी जिंदगी और मानवीय कनेक्शन पसंद है। वे लोग कुछ विदेशियों (हमारे गाइड) के साथ बहुत दयालु थे। इस बात ने हम दोनों को खुशी से भर दिया। उन्होंने हमसे बिना किसी चीज की उम्मीद के हमारी मदद की। अगर जिंदगी का सही मतलब यही नहीं है तो मैं नहीं जानती फिर क्या है। यह याद हमें हमेशा खुशी देती रहेगी।’
