इन दिनों वर्ल्ड रेसलिंग इंटरटेनमेंट (डब्ल्यूडब्ल्यूई) के मुकाबले चल रहे हैं। World Wrestling Entertainment (WWE) की स्टार महिला रेसलर Charlotte Flair (शार्लोट फ्लेयर) ने हाल ही में हैल इन ए सैल में अपनी प्रतिद्वंद्वी Bayley की चुनौती तोड़ दी और स्मैकडाउन का मुकाबला जीतकर 10वीं बार वुमन्स चैंपियनशिप अपने नाम की। वे 10 बार स्मैकडाउन चैंपियनशिप जीतने वाली पहली महिला रेसलर बन गईं हैं। डब्ल्यूडब्ल्यूई के रिंग में अपनी श्रेष्ठता साबित करने के बाद शार्लोट अब बॉलीवुड में हाथ आजमाने जा रही हैं। इसी सिलसिले में वे भारत दौरे पर आईं थीं। इस दौरान उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन से डांस के कुछ स्टेप्स भी सीखे। यही नहीं उन्होंने भांगड़ा की भी क्लास ली। खबर है कि वे वरुण धवन की आगामी फिल्म स्ट्रीट डांसर 3डी के एक गाने में नजर आएंगी। इस गाने की शूटिंग कुछ ही दिनों में मुंबई में होने वाली है। शार्लोट फ्लेयर का वास्तविक नाम एश्ले एलिजाबेथ फ्लेहर है।
वरुण धवन और शार्लोट फ्लेयर की मुलाकात का एक वीडियो यू-ट्यूब भी काफी देखा जा रहा है। तीन दिनों के भीतर इसे 10 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। आखिर ऐसा हो भी क्यों न। इस वीडियो में WWE की इस स्टार रेसलर ने बॉलीवुड एक्टर के सामने अपने दिल के राज जो उजागर किए हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि वरुण एक जिम में हैं। वहां शार्लोट उनसे मिलने पहुंचती हैं। शार्लोट WWE में The Queen के नाम से भी जानी जाती हैं। अब चूंकि शार्लोट The Queen हैं तो वरुण उनके बैठने से पहले जिम में मौजूद सोफे को अपने हाथों से साफ करते हैं फिर वे डब्ल्यूडब्ल्यूई स्टार को बैठने के लिए कहते हैं।
वरुण कहते हैं कि WWE स्टार शार्लोट से मुलाकात उनके लिए बहुत बड़ा पल है। इसके बाद शुरू होता है सवाल-जवाब का सिलसिला। वरुण सबसे पहले पूछते हैं कि आपका अब तक का सबसे पसंदीदा मैच कौन सा रहा? इस पर शार्लोट बताती हैं कि उनके करियर का सबसे अहम मुकाबला नताल्या NXT से रहा था। नताल्या भी कई बार WWE चैंपियनशिप अपने नाम कर चुकी हैं।
वरुण बताते हैं कि शार्लोट काफी वर्कआउट करते हैं, लेकिन हम यहां टेस्ट करेंगे कि वे यहां कितना कर पाती हैं। वे शार्लोट को सूर्य नमस्कार के बारे में बताते हैं कि यह एक तरह से भारतीय व्यायाम है। यह बहुत आसान है। इससे आपके पूरे शरीर का व्यायाम हो जाता है। शार्लोट सूर्य नमस्कार करने के लिए तैयार हो जाती हैं। शार्लोट बड़े आराम से सूर्य नमस्कार करती हैं। वरुण शार्लोट को बताते हैं कि वे शायद ड्वेन जॉनसन के बहुत बड़े फैन हैं। फिर वरुण शार्लोट से कहते हैं कि अब वे सिर्फ 5 सवाल पूछेंगे, लेकिन इस दौरान हम दोनों लोग plank position में रहेंगे। ज्यादातर लोग अपना वजन घटाने के लिए प्लैंक एक्सरसाइज करते हैं। शार्लोट बोलती हैं, ‘ओके’।
पहला सवाल : सोशल मीडिया से पहले या बाद की जिंदगी पसंद है?
शार्लोट का जवाब: पहले की जिंदगी।
दूसरा सवाल : क्या आप खुद कार चलाना पसंद करेंगी या फिर ड्राइवर के साथ?
शार्लोट का जवाब: अकेले। जब मैंने एंड्रेड के साथ डेटिंग शुरू की तब मैं खुद ही ड्राइव करती थी। मैं एक सेल्फ सफीसिएंट महिला हूं।
तीसरा सवाल : एंड्रेड को एक रेसलर मानती हैं या बॉयफ्रेंड?
शार्लोट का जवाब: डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर हंसते हुए कहती हैं कि बॉयफ्रेंड। वरुण चौंकते हैं। बता दें कि एंड्रेड शार्लोट के पहले बॉयफ्रेंड नहीं हैं। शार्लोट ने मई 2010 में 24 साल की उम्र में रिकी जॉनसन से शादी की थी। हालांकि, यह शादी ज्यादा दिनों तक चल नहीं पाई और फरवरी 2013 में दोनों के बीच तलाक हो गया। फ्लेयर ने इसी साल डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर ब्रॉम से शादी की। ब्राम का असली नाम थॉमस लटमेयर है। अक्टूबर 2015 में शार्लोट का लटमेयर से भी तलाक हो गया। फरवरी 2019 में ऐसी खबरें आईं कि शार्लोट WWE Wrestler एंड्रेड के साथ रिलेशनशिप में हैं। अब उन्होंने वरुण धवन के सामने अपना यह राज भी उजागर कर दिया है।
चौथा सवाल : क्या कहलना पसंद करेंगी, रेसलर शार्लोट फ्लेयर द क्वीन या रियल शार्लोट फ्लेयर द स्वीट?
शार्लोट का जवाब : द क्वीन, मलेफिसन्ट।
पांचवां सवाल : क्या आप मानती हैं कि आपके लिए सबसे बड़ा रेसलमानिया क्षण अभी आना बाकी है?
शार्लोट का जवाब: हां, मैं एकलौती बनना चाहती हूं।

