अमेरिका की दालिहा मोहम्मद ने सोमवार को 400 मीटर हर्डल्स का 16 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने यूएस चैंपियनशिप में यह उपलब्धि हासिल की। 29 साल की दालिहा मोहम्मद ने 52.20 सेकंड में यह रेस पूरी की। ऐसा कर उन्होंने रूस की यूलिया पेचोनकिना के बनाए रिकॉर्ड को तोड़ा। पेचोनकिना ने 2003 में 52.34 सेकंड में यह रेस पूरी की थी। रिकॉर्ड बनाने के बाद दालिहा ने कहा, ‘मैं बहुत चकित हूं। मेरे कोच ने मुझे इस रिकॉर्ड के बारे में बताया।’

2016 रियो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली अमेरिकी महिला दालिहा ने रेस के बाद बताया कि इस सप्ताह के पहले वे चोटिल हो गईं थीं। हालांकि, उन्हें विश्वास था कि वे पेचोनकिना से कम समय में रेस पूरी कर लेंगी। दालिहा 300 मीटर तक सिडनी मैकलॉफलिन से पीछे चल रही थीं। हालांकि, इसके बाद उन्होंने अपनी गति तेज करते हुए रेस जीत ली। सिडनी 52.88 सेकंड के साथ दूसरे नंबर पर रहीं। एश्ले स्पेंसर को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। उन्होंने रेस पूरी करने के लिए 53.11 सेंकड का समय लिया।

दालिहा ने 2017 लंदन वर्ल्ड चैंपियनशिप और 2013 मॉस्को वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। वे 2007 में ओस्त्रावा में हुई वर्ल्ड यूथ चैंपियनशिप में 400 मीटर हर्डल्स में गोल्ड मेडल भी जीत चुकी हैं। उन्होंने 2009 में पोर्ट ऑफ स्पेन में हुई पैन अमेरिका जूनियर चैंपियनशिप में भी रजत पदक जीता था।

यूएस चैंपियनशिप के अन्य मुकाबलों में अमेरिका नूह लायल्स ने 19.78 सेकंड के साथ 200 मीटर रेस का स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा का रजत पदक क्रिस्टियान कोलेमन ने जीता। उन्होंने 20.02 सेकंड में रेस पूरी की। अमीर वेब 20.45 सेकंड में रेस पूरी कर पाए। उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। हालांकि, क्रिस्टियान 100 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे थे। तब उन्होंने 9.99 सेकंड का समय लिया था। माइक रोजर्स 10.12 सेकंड के साथ रजत पदक जीता था। क्रिस्टोफर बेलचर को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।