द अंडरटेकर ने आधिकारिक तौर पर 30 साल के एक शानदार करियर के बाद WWE (वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट) से संन्यास ले लिया है। रविवार (22 नवंबर) रात को इस पेशेवर रेसलर की सर्वाइवर सीरीज में WWE यूनिवर्स से विदाई हुई। द अंडरटेकर का असली नाम मार्क कैलवे है। उन्हें ऑलटाइम ग्रेट रेसलर के रूप में माना जाता है। ‘डैडमैन’ के नाम से मशहूर इस रेसलर ने ट्वीट कर कहा- अब अंडरटेकर को शांति से रहने दें।

WWF/E में अंडरटेकर सात बार वर्ल्ड हेवीवेट चैंपियन रह चुके हैं। इसके अलावा WWF/E चैंपियनशिप को चार बार अपने नाम किया है। तीन बार वे वर्ल्ड हेवीवेट चैंपियनशिप जीत चुके हैं। अंडरटेकर छह बार के टैग टीम टाइटल होल्डर और 2007 में रॉयल रंबल विजेता हैं। वह कई बार डब्ल्यूडब्ल्यूई फर्स्ट का हिस्सा भी रहे हैं, जिसमें पहले सर्वाइवर सीरीज 1992 का कास्केट मैच भी शामिल है। वो 1996 में पहला Buried Alive मैच और अक्टूबर 1997 में पहला Hell in a Cell मैच में भी शामिल थे।

हालांकि, WWE को एक वास्तविक खेल नहीं माना जाता है, लेकिन इसने अपने एक्शन और लोकप्रिय खिलाड़ियों की हीरो की तरह की प्रसिद्धि से नया मुकाम हासिल किया। ऐसा कहा जाता है कि इस खेल में अंडरटेकर के सबसे ज्यादा फैंस थे। अपने ट्रेडमार्क काले पोशाक, लंबे बाल और ताबूत के साथ वो दुनिया के अलावा भारत में भी काफी पसंद किए जाते थे। WWE के कई बड़े खिलाड़ियों ने अंडरटेकर के लिए ट्वीट किया और उन्हें अलविदा कहा।


इस महान खिलाड़ी के विदाई समारोह में WWE के बड़े नाम शामिल हुए। इनमें शेन मैकमोहन, बिग शॉ, जेबीएल, जेफ हार्डी, मिक फोली, द गॉडफादर, द गॉडविन्स, सवियो वेगा, रिक्शी, केविन नैश, रिक फ्लेयर, बुकर टी, शॉन माइकल्स, ट्रिपल एच और केन जैसे सितारे मौजूद थे। भले ही कोरोनोवायरस महामारी के कारण यह दर्शकों के बिना आयोजित की गई थी, लेकिन प्रशंसकों के लिए यह एक भावनात्मक क्षण था। दिग्गज जॉन सीना ने भावुक ट्वीट किया।

जॉन सीना ने कहा, ‘‘तीन दशक तक WWE के लिए पूरी ईमानदारी से काम करने के बाद आज रात हम असाधारण शरीर के अंत के साक्षी हैं। रिंग के सभी क्षणों के लिए और WWE यूनिवर्स के सदस्य के रूप में मैं टेकर को थैंक यू कहता हूं।’’ उनके अलावा ड्वेन जॉनसन सहित कई दिग्गजों और फैंस ने भी ट्वीट किया।