Tokyo Olympics 2020 Day 11: टोक्यो ओलंपिक में 11वें दिन भारतीय हॉकी को छोड़कर निराशा ही लाया। 11वें दिन भारत की शुरुआत खराब रही। भारतीय धावक दुती चंद 200 मीटर हीट में आखिरी स्थान पर रहीं और पदक की रेस से बाहर हो गईं।
इसके बाद भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचा। उसने ओलंपिक सेमीफाइनल में पहली बार जगह बनाई। रानी रामपाल की टीम ने क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से हराया।
महिलाओं के डिस्कस थ्रो में पदक की तगड़ी दावेदार मानी जा रहीं कमलप्रीत कौर को भी निराशा हाथ लगी। वह फाइनल में छठे स्थान पर रहीं। हालांकि, इसके बावजूद वह इतिहास रचने में सफल रहीं। वह डिस्कस थ्रो में सबसे शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय बनीं।
उनसे पहले कृष्णा पूनिया ओलंपिक में 7वें नंबर पर रही थीं। वहीं विकास गौड़ा 8वें नंबर पर रहे थे। 2010 राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कृष्णा पूनिया भी लंदन ओलंपिक 2012 में सातवें स्थान पर रही थीं।
कमलप्रीत कौर वर्षाबाधित फाइनल में 63.70 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो लगा छठे स्थान पर रहीं। कमलप्रीत फाइनल में कभी भी पदक की दौड़ में नहीं रहीं। बारिश के कारण मुकाबला एक घंटे तक बाधित रहा।
कमलप्रीत ने तीसरे दौर में 63.70 मीटर का थ्रो फेंका। अपने निजी कोच के बिना आईं कमलप्रीत पूरे फाइनल में नर्वस नजर आईं। ओलंपिक से पहले वह एकमात्र अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट विश्व यूनिवर्सिटी खेल 2017 में हिस्सा ले पाईं थीं। उनमें आत्मविश्वास का अभाव दिख रहा था। पंजाब के काबरवाला गांव के एक किसान की बेटी कमलप्रीत ने शनिवार को 64 मीटर का थ्रो लगाकर पदक की उम्मीद जगाई थी।
अमेरिका की वालारी आलमैन 68.98 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण, जर्मनी की क्रिस्टीन पुडेंज को रजत और मौजूदा विश्व चैंपियन क्यूबा की येमे पेरेज को कांस्य पदक मिला। दो बार की गत चैंपियन क्रोएशिया की सैंड्रा पेरकोविच चौथे स्थान पर रहीं।
वहीं भारत के फवाद मिर्जा ने अपने घोड़े सिगन्योर मेडिकॉट के साथ ओलंपिक की घुड़सवारी स्पर्धा के व्यक्तिगत इवेंटिंग वर्ग के जंपिंग फाइनल्स में प्रवेश किया। हालांकि, फाइनल में वह पदक जीतने में असफल रहे। फाइनल में उन्हें 59.6 पेनल्टी अंक मिले। वह 23वें नंबर पर रहे।
क्वालिफाइंग में ड्रेसेज दौर में नौवें स्थान पर रहे फवाद को जंपिंग दौर में आठ पेनल्टी अंक मिले। उनके कुल पेनल्टी अंक 47.2 रहे। वह 25वें स्थान पर थे। फाइनल में 25 घुड़सवार उतरते हैं। फवाद मिर्जा दो दशक में घुड़सवारी में हिस्सा लेने वाले पहले भारतीय हैं।

Highlights
भारत की कमलप्रीत कौर डिस्कस थ्रो में पदक की दौड़ से बाहर हो गई हैं। उन्होंने नंबर-6 पर रहते हुए टोक्यो ओलंपिक का अपना सफर खत्म किया। कमलप्रीत कौर को आखिरी अटेम्पट में 65 मीटर से ज्यादा का थ्रो करना था, लेकिन उन्होंने डिस्क को लाइन से बाहर फेंक दिया। अमेरिका की ओलमैन ने गोल्ड अपने नाम किया। उनका पहला थ्रो 68.98 मीटर का था। उन्हें कोई पीछे नहीं छोड़ पाया।
कमलप्रीत कौर अब भी छठे नंबर पर बनी हुईं हैं। उन्होंने अपने पांचवें राउंड में 63.17 मीटर का थ्रो किया। अब उनको एक और मौका मिलेगा। उनको आखिरी राउंड में पदक जीतने के लिए 66 मीटर से ज्यादा का थ्रो करना होगा।
कमलप्रीत कौर ने तीसरे राउंड में 63.70 मीटर का थ्रो किया। इसके साथ ही वह 9वें नंबर से छठे नंबर पर पहुंच गईं। टॉप-8 में आने का मतलब है कि उन्हें अब तीन और मौके मिलेंगे। इसका मतलब है कि भारत की पदक की उम्मीद अभी कायम है।
टोक्यो ओलंपिक में महिलाओं के डिस्कस थ्रो फाइनल में कमलप्रीत कौर अब 7वें स्थान पर हैं। बारिश के बाद यह दोबारा शुरू होने वाला है। उधर पंजाब के कबरवाल में कमलप्रीत के आवास की तस्वीरें देखिए।
महिलाओं के डिस्कस थ्रो का फाइनल बारिश के कारण खेल रुका हुआ है। 2.5 मीटर के सर्कल के पानी को फेंकने पर काम किया जा रहा है। इसमें पहले 12 खिलाड़ी अपने-अपने तीन बार थ्रो फेंकेंगे। उसके बाद जो शीर्ष-8 पर रहेंगे उन्हें फिर से तीन बार डिस्कस थ्रो करने का मौका मिलेगा।
कमलप्रीत कौर का पदक जीतने का इंतजार बढ़ गया है। बारिश के कारण 2 अगस्त को हो रहा फाइनल बीच में ही रोकना पड़ा। अब बारिश रुकने के बाद फिर से फाइनल शुरू होगा। जब फाइनल रोका गया था, तब कमलप्रीत कौर 7वें नंबर पर थीं।
टोक्यो में प्रतियोगिता स्थल पर बारिश शुरू हो गई है। इसलिए अभी थोड़ी देर के लिए महिलाओं के डिस्कस थ्रो का फाइनल रोक दिया गया है।
कमलप्रीत कौर को दूसरे राउंड में कम से कम 65 मीटर पर डिस्कस थ्रो को फ्रेंकना था, लेकिन उन्होंने फाउल कर दिया। अब उनके पास केवल एक अटेम्प्ट ही बचा है। भारत के लिए मेडल आने की संभावना धुंधली होती नजर आ रही हैं। कमलप्रीत कौर टॉप-5 से काफी दूर हैं। कुल 12 प्रतियोगी खेल रहे हैं। हालांकि, सभी के तीनों अटेम्प्ट होने के बाद वह शीर्ष-8 में बनी रहती हैं तो उन सभी आठों प्रतियोगियों को 3-3 मौके और मिलेंगे।
कमलप्रीत कौर का पहले थ्रो में जबर्दस्त प्रदर्शन। उन्होंने 61.62 मीटर का थ्रो किया। हालांकि, उनका दूसरा थ्रो फाउल हो गया। वह अभी सातवें नंबर पर हैं। अमेरिका की अलमैन ने 68.98 मीटर का थ्रो फ्रेंका। वह अब तक अन्य सभी से आगे हैं। लगा रहा है कि वह गोल्ड मेडल कब्जा सकती हैं।
भारतीय घुड़सवार फवाद मिर्जा को क्वालिफिकेशन राउंड में सफलता मिली है। इस राउंड में आगे बढ़ते हुए मिर्जा ने फाइनल राउंड में जगह बना ली है। भारतीय समयानुसार आज शाम 5.15 बजे होगा फाइनल राउंड।
कमलप्रीत ट्रैक एंड फील्ड इवेंट के इतिहास में फाइनल में पहुंचने वाली 7वीं खिलाड़ी हैं। उनसे पहले सिर्फ 6 एथलीट ही ट्रैक एंड फील्ड की फाइनल में पहुंचे हैं। इसमें से 3 महिलाएं रही हैं। वो 3 महिला खिलाड़ी इस प्रकार हैं:- कृष्णा पूनिया, पीटी ऊषा और अंजू बॉबी जॉर्ज। कमलप्रीत से पहले डिस्कस थ्रो में कृष्णा पूनिया 2012 ओलिंपिक के फाइनल में छठे नंबर पर रही थीं।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक के क्वार्टरफानल में जिस तरह ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से मात दी उसके चर्चे पूरी दुनिया में हैं। इसी को लेकर ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर बैरी ओ फैरेल ने भारतीय टीम के डिफेंस की तारीफ करते हुए गोलकीपर सविता को 'Great Wall Of India' कहा है।
शूटिंग में भारत को एक और निराशा मिली है। संजीव राजपूत और ऐश्वर्य प्रताप सिंह पुरुषों के 50 मीटर थ्री पोजिशन के फाइनल में प्रवेश करने में नाकाम रहे। ऐश्वर्य क्वालिफिकेशन राउंड में 21वें और संजीव 32वें स्थान पर रहे।
आज पूरे देश की नजरें डिस्कस थ्रोअर कमलप्रीत कौर पर होंगी। वह डिस्कस थ्रो के फाइनल में आज उतरेंगी। कमलप्रीत पदक जीतने में कामयाब रहीं तो एथलेटिक्स में मेडल लाने वाली वह पहली भारतीय बन जाएंगी। क्वालिफिकेशन राउंड में कमलप्रीत के प्रदर्शन को देखते हुए उनसे मेडल लाने की उम्मीदें बढ़ चुकी है। उन्होंने 64 मीटर दूर चक्का फेंककर इतिहास रच दिया था।
नीलिंग राउंड में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद प्रोन राउंड में ऐश्वर्य अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्होंने 98, 99, 97, 97 के अंक हासिल किए और कुल 391 का स्कोर हासिल किया। अब वह टॉप 10 से बाहर हो चुके हैं।
शूटिंग में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने उम्मीदें जगा दी हैं। वह पुरुषों के 50 मीटर थ्री पॉजिशन के क्वालिफिकेशन में दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने नीलिंग में कुल 397 का स्कोर किया है। उन्होंने पहली सीरीज में 99, दूसरी में 100, तीसरी में 98 और चौथी सीरीज में 100 का स्कोर किया।
क्वार्टरफाइनल में मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम को 1-0 से हराने के बाद भारत ने ओलंपिक इतिहास में पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाई है। सेमीफाइनल में अब भारत का सामना होगा अर्जेंटीना से। ये मुकाबला 4 अगस्त बुधवार को खेला जाएगा।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचते हुए पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। भारतीय टीम ने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से मात देकर इतिहास रचा है। भारतीय महिला हॉकी टीम अब बस अपने पहले ओलंपिक पदक से एक जीत दूर है।
महिला हॉकी इवेंट के क्वार्टरफाइनल मुकाबला का चौथा क्वार्टर शुरू हो चुका है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबले में भारत ने एक बार फिर अपने मजबूत डिफेंस का शानदार परिचय दिया। स्कोर 1-0 , भारत अभी भी आगे।
महिला हॉकी इवेंट के क्वार्टरफाइनल मुकाबला का तीसरा क्वार्टर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खत्म हो चुका है। भारत ने एक बार फिर अपने मजबूत डिफेंस का शानदार परिचय दिया। स्कोर 1-0 , भारत अभी भी आगे।
क्वार्टरफाइनल मुकाबला का तीसरा क्वार्टर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुरू हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया को तीसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला और भारत ने एक बार फिर अपने मजबूत डिफेंस का शानदार परिचय दिया। स्कोर 1-0 , भारत अभी भी आगे।
महिला हॉकी इवेंट के क्वार्टरफाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिल रहा है। अंडरडॉग्स मानी जाने वाली भारतीय टीम ने पहले हाफ के बाद तक ऑस्ट्रेलिया के ऊपर 1-0 की बढ़त बना रखी है। अभी दो क्वार्टर का खेल और बाकी है। यानी आखिरी के आधे घंटे निर्णायक होंगे।
टोक्यो ओलंपिक में गुरजीत कौर का यह पहला गोल है। साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने भी इस ओलंपिक में पहली बार पेनल्टी कॉर्नर से गोल खाया है। भारत इस वक्त कांटे की टक्कर वाले इस मुकाबले में 1-0 की शानदार बढ़त पर है।
भारत ने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत की ड्रैग फ्लिकर गुरजीत कौर के शानदार गोल से भारत को अंतिम-8 के इस अहम मुकाबले में बढ़त मिल गई है।
क्वार्टरफाइनल मुकाबले में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिल रही है। पहला क्वार्टर 0-0 पर बिना किसी गोल के खत्म हो गया है। दोनों टीमें लगातार अटैकिंग खेल दिखा रही हैं। दोनों का गोल करने का लगातार प्रयास लेकिन दोनों ही टीमों का डिफेंस भी शानदार काम करते हुए।
क्वार्टरफाइनल मुकाबले में भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों टीमें लगातार अटैकिंग खेल दिखा रही हैं। दोनों का गोल करने का लगातार प्रयास लेकिन दोनों ही टीमों का डिफेंस भी शानदार काम करते हुए, अभी तक कोई गोल नहीं और स्कोर- 0-0 ।
महिला हॉकी इवेंट के क्वार्टरफाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला शुरू हो चुका है। भारत की नजरें होंगी पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाने पर वहीं मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम सेमीफाइनल में अर्जेंटीना से भिड़ने के इरादे से उतरेगी।
महिला हॉकी के आज खेले गए क्वार्टरफाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने जर्मनी को 3-0 से करारी शिकस्त दी है। अब सेमीफाइनल में अर्जेंटीन का मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले क्वार्टरफाइनल मैच की विजेता टीम से होगा।
टोक्यो ओलंपिक के क्वार्टरफाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम का सामना होगा मजबूत ऑस्ट्रेलिया से। अपने पूल में चौथे नंबर पर खत्म करने के बाद भारतीय टीम को क्वार्टरफाइनल में दमदार खेल दिखाकर वापसी करनी होगी। ये मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 8.30 बजे से शुरू होगा।
200 मीटर हीट में भारत की फर्राटा धावक दुती चंद सबसे पीछे रहीं। हालांकि उन्होंने 23.85 सेकंड के समय के साथ अपना सीजन बेस्ट समय निकाला है लेकिन पदक की रेस से वे बाहर हो गई हैं।