Tokyo Olympics 2020 Day 1: पिछले एक साल से भी अधिक समय से दुनिया को अपनी गिरफ्त में लेने वाली कोविड-19 महामारी के भय को पीछे छोड़ते हुए 32वें ओलंपिक खेलों की एक साल की लंबी प्रतीक्षा के बाद शुक्रवार को यहां रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ शुरुआत हो गयी जिसमें जापानी संस्कृति और प्रौद्योगिकी की झलक देखने को मिली।
जापान के सम्राट नारूहितो ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष थामस बाक, आयोजन समिति की प्रमुख सीको हाशिमोतो, कई अन्य हस्तियों तथा 205 देशों के खिलाड़ियों की मौजूदगी में खेलों के शुरुआत की घोषणा की। इससे एक महीने पहले ही उन्होंने ओलंपिक के दौरान कोरोना वायरस फैलने को लेकर चिंता जतायी थी। उन्होंने कहा, ‘मैं आधुनिक युग के 32वें ओलंपिक खेलों का जश्न मनाते हुए टोक्यो खेलों की शुरुआत की घोषणा करता हूं।’
खेलों के महाकुंभ का उद्घाटन समारोह शुक्रवार को भारतीय समयानुसार 4.30 PM से हुआ। कोरोना के कारण इस समारोह में सीमित लोग ही देखने को मिले। इस दौरान सभी देशों के कुछ खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स ने इस समारोह में हिस्सा लिया।
टोक्यो ओलंपिक के इस उद्घाटन समारोह का आयोजन टोक्यो के नवनिर्मित नेशनल स्टेडियम में हुआ। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह और छह बार की विश्व चैंपियन एम सी मैरीकॉम के हाथों में तिरंगा लहरा रहा था और उनके साथ भारत के अन्य खिलाड़ियों और छह अधिकारियों के चेहरे पर मुस्कान और जोश दिख रहा था। भारत के 127 खिलाड़ियों सहित 228 सदस्यीय दल ओलंपिक में भाग ले रहा है लेकिन इनमें से केवल 20 खिलाड़ियों को उदघाटन समारोह में भाग लिया।
भारत ने टोक्यो ओलंपिक के लिए अपना अब तक का सबसे बड़ा दल भेजा है। पहलवान बजरंग पूनिया टोक्यो ओलंपिक 2020 के समापन समारोह में भारतीय ध्वजवाहक होंगे।

Highlights
इसी के साथ टोक्यो ओलंपिक की ओपनिंग सेरेमनी का हुआ समापन।
जापान की स्टार टेनिस खिलाड़ी नाओमी ओसाका ने ओलंपिक फ्लेम को जलाया।
जापान के राजा नारोहितो ने टोक्यो ओलंपिक खेलों के ओपन होने की घोषणा की।
टोक्यो ओलंपिक खेलों के झंडे को लेकर पहुंचे 6 एथलीट।
अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष थॉमस बाक ने कोरोना योद्धाओं को याद किया।
टोक्यो ओलंपिक के प्रमुख सीको हाशिमोतो ने किया सभी का स्वागत।
अब समय आ गया है ओलंपिक के शपथ ग्रहण समारोह यानी Oath Taking Ceremony का।
'Faster, Higher, Stronger and Together' है ओलंपिक का नया मोटो ।
ओपनिंग सेरेमनी में देशों की परेड खत्म, होस्ट देश जापान ने की आखिरी परेड।
ओपनिंग सेरेमनी में टीमों की परेड खत्म। होस्ट देश जापान के दल ने की आखिरी परेड।
टोक्यो ओलंपिक की ओपनिंग सेरेमनी के दौरान टीमें जापान के बेस्ट सेलिंग वीडियो गेम्स ड्रैगन क्वेस्ट और फाइनल फैंटेसी
की म्यूजिक पर परेड करते दिखे।
भारतीय दल की परेड के दौरान भारतीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते दिखे।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह और स्टार मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम बने भारत के ध्वजवाहक।
ओपनिंग सेरेमनी में देशों के खिलाड़ियों के दल का आना शुरू। ग्रीस के दल से हुई शुरुआत।
टोक्यो ओलंपिक की ओपनिंग सेरेमनी में कोरोना से मृत लोगों के साथ-साथ मृत पूर्व ओलंपियन्स को याद किया गया।
बांग्लादेश के मोहम्मद यूनुस को ओलंपिक लॉरेल अवॉर्ड से नवाजा गया।
'Moving Forward' थीम पर टोक्यो ओलंपिक के उद्घाटन समारोह की हुई शुरुआत।
टोक्यो ओलंपिक का उद्घाटन समारोह आतिशबाजी के साथ हुआ शुरू
जापान के राजा नारोहितो करेंगे टोक्यो ओलंपिक का उद्घाटन।