WWE का जादू हर किसी के सिर चढ़कर बोलता है। अपने फेवरेट सुपरस्टार को जीतते हुए देख हर कोई खुश हो जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि रिंग में बड़े-बड़े सूरमाओं को चित करने वाले कई रेसलर्स दादाजी बन चुके हैं। जी हां! WWE के कई सुपरस्टार्स फैमिलीमैन हैं और वे सब अपनी पत्नी, भाई, बहन, बच्चे और पोते-पोतियों के साथ रहते हैं। कुछ नाम तो एेसे हैं, जिन्हें देखकर आप हैरान हो जाएंगे। आइए आपको बताते हैं एेसे ही कुछ सुपरस्टार्स के बारे में:
रिक फ्लेयर: ‘नेचर बॉय’ के नाम से मशहूर रिक फ्लेयर 68 साल के हैं। उन्होंने चार शादियां की हैं और उनके 4 बच्चे हैं, जिनमें से उनके एक बेटे रीड की कुछ वर्षों पहले मौत हो चुकी है। दो अन्य डेविड फ्लेयर और मीगन फ्लेयर हैं। 16 बार विश्व विजेता रहे रिक फ्लेयर की बेटी शारलेट भी WWE की सुपर स्टार हैं।
रिकीशी: इस हट्टे-कट्टे पहलवान को अपने बड़े-बड़े कूल्हों के कारण साल 2015 में WWE के हॉल अॉफ फेम में शामिल किया गया था। लेकिन 51 वर्षीय रिकीशी भी दादाजी बन चुके हैं। वह मौजूदा WWE स्मैकडाउन के टैग टीम चैम्पियंस जिम्मी और जे उसो के पिता हैं। लेकिन शायद ही लोग जानते हों कि उनके दो और बच्चे और 4 पोते-पोतियां हैं। हो सकता है ये लोग भी WWE में अपने परिवार की परंपरा को आगे बढ़ाएं।
स्टोन कोल्ड स्टीव अॉस्टिन: हैरान हो गए ना!, लेकिन यह सच है। जीत के बाद बीयर पीने वाले स्टोन कोल्ड भी दादाजी हैं। WWE के सबसे मशहूर रेसलर माने जाने वाले स्टोनकोल्ड की 3 शादियां टूट चुकी हैं, जिनमें WWE की एक पूर्व रेसलर डेब्रा मार्शल भी हैं। उन्होंने चौथी शादी की है। 52 साल के स्टोन कोल्ड के 3 बच्चे और 1 पोता है।
डेव बटीस्टा: डेव बटीस्टा भी नानाजी की पदवी पर आ चुके हैं। द एनिमल के नाम से मशहूर बटीस्टा ने तीसरी शादी की है। उनके दो बच्चे हैं और उनकी बड़ी बेटी के दो बच्चे हैं।
ब्रॉक लेसनर: यह नाम सुनकर शायद आप यकीन ही न कर पाएं, लेकिन 39 साल के ब्रॉक लेसनर भी नानाजी हैं, लेकिन सौतेले। ब्रॉक लेसनर ने सेबल से साल 2006 में शादी की थी, जिनकी पूर्व शादी से एक बेटी थी। इसी बेटी का एक बच्चा है, जिस कारण लेसनर इतनी कम उम्र में नानाजी बन गए।
