क्रिकेट में जब तक चौके-छक्कों की बरसात न देखने को मिले, तब तक मजा नहीं आता। टी20 और आईपीएल के आने के बाद तो दर्शक उसी खिलाड़ी को ज्यादा पसंद करते हैं, जो ज्यादा विस्फोटक बल्लेबाजी करता हो। वनडे, टी20 और आईपीएल में तो खिलाड़ी दनादन छक्के लगाते हैं। लेकिन टेस्ट क्रिकेट में यह कम ही देखने को मिलता है कि खिलाड़ी छक्के लगाएं। आइए आपको बताते हैं क्रिकेट के सबसे पुराने प्रारूप में सबसे ज्यादा छक्के किन बल्लेबाजों ने लगाए हैं।

ब्रैंडन मैकलम: 2004-2016 तक न्यूजीलैंड के लिए खेलने वाले स्टाइलिश बल्लेबाज ब्रैंडन मैकलम ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 107 छक्के लगाए हैं। 101 मैचों में उन्होंने 38.64 की औसत से 6453 रन बनाए हैं। इसमें 12 सेंचुरी और 31 हाफ सेंचुरी शामिल हैं।

एडम गिलक्रिस्ट: दुनिया के सबसे विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाजों में शुमार रहे गिलक्रिस्ट का जलवा टेस्ट क्रिकेट में भी देखने को मिला। उन्होंने 96 टेस्ट मैचों में 100 छक्के लगाए हैं। 47.60 की औसत से उन्होंने 5570 रन बनाए हैं और उनका सर्वाधिक स्कोर रहा 204 रन नाबाद। उन्होंने टेस्ट करियर में 17 शतक और 26 अर्धशतक भी लगाए हैं।

क्रिस गेल: मौजूदा दौर के सबसे आक्रामक बल्लेबाज। वेस्टइंडीज के क्रिस गेल अगर लय में हों, तो क्या कर सकते हैं यह सभी जानते हैं। 2000-14 तक टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले गेल ने 103 मैचों में 98 छक्के जड़े हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 333 रन है। गेल नाम 7214 रन, 15 शतक और 37 अर्धशतक हैं।

जैक कैलिस: दुनिया के सबसे बेहतरीन अॉलराउंडर्स में से एक रहे कैलिस ने 166 टेस्ट मैच खेले और 13289 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 97 छक्के निकले। उन्होने टेस्ट क्रिकेट में सचिन तेंडुलकर के बाद सबसे ज्यादा 45 शतक लगाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 224 रन है।

 

वीरेंद्र सहवाग: विश्व क्रिकेट से सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में शुमार किए जाने वाले वीरेंद्र सहवाग ने 104 टेस्ट मैचों में 8586 रन बनाए हैं, जिसमें उन्होंने 23 शतक और 32 अर्धशतक जड़े हैं। सहवाग का सर्वाधिक स्कोर 319 रन है। सहवाग ने भारत की ओर से सबसे ज्यादा 91 छक्के लगाए हैं।