T20 Blast 2022: इंग्लैंड में टी20 ब्लास्ट 2022 में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) का हिस्सा रहे खिलाड़ियों ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड और मध्यक्रम के बल्लेबाज टिम डेविड ने कहर बरपाया। पोलार्ड और टिम डेविड ने अपनी-अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। पोलार्ड ने जहां 209 के स्ट्राइक रेट से नाबाद पारी खेली। वहीं, टिम डेविड ने चौके-छक्कों से ही पचासा ठोक दिया।

टी20 ब्लास्ट 2022 में 9 जून 2022 की अलसुबह खत्म हुए मुकाबलों में जहां कीरोन पोलार्ड (Kieron Pollard) की सरे (Surrey) ने जहां ससेक्स (Sussex) के खिलाफ 5 विकेट से जीत हासिल की। वहीं, लीड्स के हेडिंग्ले में खेले गए रोमांचक मैच में टिम डेविड (Tim David) की लंकाशयर (Lancashire) ने यार्कशायर (Yorkshire) को 4 रन से मात दी।

टी20 ब्लास्ट 2022 की नॉर्थ ग्रुप की अंक तालिका में लंकाशायर 7 मैच में 13 अंकों के साथ शीर्ष पर है। यार्कशायर के 7 मैच में 7 अंक हैं। वह चौथे नंबर पर है। वहीं, साउथ ग्रुप की अंक तालिका में 6 मैच में 5 जीत के साथ सरे पहले नंबर पर है। उसके 11 अंक हैं। ससेक्स के 7 मैच में 6 अंक हैं। वह पांचवें नंबर पर है।

सरे और ससेक्स के बीच लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर खेला गया। सरे ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। ससेक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 146 रन बनाए। उसकी ओर से टॉम अल्सोप (28 गेंद, 38 रन), एफजे हडसन प्रेंटिस (44 गेंद, 49 रन) और हैरिसन वार्ड (23 गेंद, 31 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरे ने 16.3 ओवर में 3 विकेट पर 147 रन बना मैच जीत लिया। कीरोन पोलार्ड ने एक चौके और 2 छक्के की मदद से 11 गेंद में नाबाद 23 रन बनाए। जेसन रॉय 41 गेंद में 50 और विल जैक्स 37 गेंद में 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

हेडिंग्ले में यार्कशायर के कप्तान डेविड विली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। डेन विलास की अगुआई वाली लंकाशायर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 213 रन बनाए। उसकी ओर से कीटोन जेनिंग्स ने 28 गेंद में 42, स्टीवन क्रॉफ्ट ने 24 गेंद में 41, टिम डेविड ने 4 चौके और 6 छक्कों की मदद से 32 गेंद में 66 और डेन विलास ने एक चौके और 4 छक्के की मदद से 20 गेंद में 40 रन ठोके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी यार्कशायर 20 ओवर में 8 विकेट पर 209 रन ही बना पाई। उसकी ओर से टॉम कोहलर-कैडमोर हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 9 चौके और 4 छक्के की मदद से 43 गेंद में 77 रन बनाए। डेविड विली ने 28 गेंद में 52 रन ठोके। एडम लिथ 19 गेंद में 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे।