क्रिकेट के खेल में बल्लेबाज के पवेलियन लौटने के समय मैदान पर मौजूद विपक्षी टीम के खिलाड़ियों का जश्न मनाना आम बात है। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका में चल रहे मजांसी सुपर लीग (Mzansi Super League) टी20 टूर्नामेंट में पार्ल रॉक्स के तबरेज शम्सी (Tabraiz Shamsi) बिल्कुल अलग अंदाज में जश्न मनाकर सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। उनका जश्न मनाने के दौरान दर्शकों को अपनी जादू दिखाने की क्षमता का अहसास कराया।

दक्षिण अफ्रीका के इस कलाई के स्पिनर ने जब डरबन हीट के वहाब लुबे को आउट किया तो क्रिकेट फैंस को अलग तरह का जश्न देखने को मिला। तबरेज शम्सी विकेट लेने के बाद मैदान पर दौड़ने लगे। उन्होंने अपने जेब से लाल रूमाल निकाला। देखते ही देखते शम्सी ने लाल रूमाल को एक सफेद छड़ी में बदल दिया। शम्सी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हो गया है। वहीं, क्रिकेट के फैंस को यह हैरान कर रहा है।

हालांकि, फैंस में कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो तबरेज शम्सी के इस तरह जश्न मनाने पर सवाल खड़े कर रहे हैं। ऐसे क्रिकेट फैंस की दलील है कि मैदान पर ऐसी चीजें साथ लाना सही नहीं है। न्यूजीलैंड के हरफनमौला खिलाड़ी जिमी नीशम ने भी तबरेज शम्सी के जश्न मनाने के तरीके पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने ट्वीट कर अपना विरोध जताया। उन्होंने लिखा, ‘अगर ब्लैककैप्स का कोई खिलाड़ी ऐसा करता तो वह एक सप्ताह तक घर पर अकेला नाश्ता कर रहा होता।’ बता दें कि कीवी क्रिकेटरों को ब्लैककैप्स भी कहा जाता है। यहां तक न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल भी @BLACKCAPS है।