पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त महिला युगल खिलाड़ी भारत की सानिया मिर्जा बेल्जियम की अपनी जोड़ीदार किस्र्टेन फ्लिपकेंस के साथ सोमवार को साल के तीसरे ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट विंबलडन के महिला युगल वर्ग में हारकर बाहर हो गईं। सानिया-फ्लिपकेंस की जोड़ी को अंतिम-16 दौर के मैच में सानिया की पूर्व जोड़ीदार स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस ने ताइवान की यंग जान के साथ मिलकर हराया।
हिंगिस-यंग की जोड़ी ने सानिया-फ्लिपकेंस की 13वीं वरीय जोड़ी को सीधे सेटों में 6-2, 6-4 से हराया। सानिया-फ्लिपकेंस की जोड़ी पूरे मैच के दौरान अपनी विपक्षी जोड़ी को जरा भी टक्कर देती नजर नहीं आई। ये मुकाबला 71 मिनट तक चला।
हालांकि सानिया की चुनौती मिक्स डबल्स में बरकरार है, जिसमें वह क्रोएशिया के इवान डोडिग के साथ हिस्सा ले रही हैं। वहीं जूनियर प्रतियोगिता में भारत की महक जैन ने लड़कियों के एकल वर्ग में क्रोएशिया की लिया बोसकोविच को 7-6, 4-6, 6-4 से हराकर दूसरे दौर में जगह बना ली है।
बता दें कि इससे पहले सानिया मिर्जा गुरुवार को तीसरे ग्रैंड स्लैम विंबलडन के महिला युगल वर्ग के दूसरे दौर में पहुंची थीं। सानिया ने अपनी बेल्जियाई जोड़ीदार क्रीस्टीन फ्लिपकिंस के साथ जापान की नाओमी ओसाका और चीन की शुआई झांग को पराजित किया था। सानिया और क्रीस्टीन ने यह मैच एक घंटे 12 मिनट में 6-4, 6-3 से जीता था।
