इंग्लैंड ने केपटाउन में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका को 189 रन से हरा दिया। इसके साथ ही उसने 4 मैच की सीरीज में 1-1 बराबरी हासिल कर ली। सीरीज का पहला टेस्ट मैच दक्षिण अफ्रीका (South Africa) ने 107 रन से जीता था। दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड की जीत में बेन स्टोक्स ने भी अहम भूमिका निभाई। दरअसल, स्टोक्स ने 14 गेंद के अंदर सिर्फ एक रन देकर 3 विकेट लिए और ड्रॉ होते दिख रहे मैच में इंग्लैंड के सिर जीत का सेहरा बांध दिया।
दरअसल, इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। उसकी पहली पारी 91.5 ओवर में 269 रन पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीकी टीम भी पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई। वह 89 ओवर में 10 विकेट पर 223 रन ही बना पाई। दूसरी पारी में इंग्लैंड के डोमिनिक सिबले और बेन स्टोक्स ने शानदार बल्लेबाजी की। सिबले ने 133 रन की पारी खेली। स्टोक्स ने 7 चौके और 3 छक्के की मदद से 47 गेंद पर 72 रन ठोक दिए। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 111 ओवर में 8 विकेट पर 391 रन बनाकर घोषित कर दी। इस तरह दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 438 रन का लक्ष्य मिला।
दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी हुई। डीन एल्गर और डेविड मलान ने पहले विकेट के लिए 71 रन जोड़े। हालांकि, मध्यक्रम के बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के कारण उसका स्कोर 126 ओवर में 7 विकेट पर 237 रन हो गया। दक्षिण अफ्रीका की रणनीति मैच ड्रॉ कराने की थी, क्योंकि 20 ओवरों का ही खेल शेष रह गया था। ऐसे में कप्तान जो रूट ने हरफनमौला बेन स्टोक्स पर दांव खेला। स्टोक्स भी कप्तान के फैसले पर खरे उतरे।
स्टोक्स ने 130वां ओवर फेंका। इसमें उन्होंने कोई रन नहीं दिया। 131वें ओवर डोम बेस ने 4 रन दिया। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 241 रन हो गया। 132वें ओवर में स्टोक्स ने फिर कोई रन नहीं दिया। 133वां ओवर में मेडन रहा। 134वें ओवर में स्टोक्स ने ड्वेन प्रिटोरियस और एनरिक नोर्ट्जे के विकेट झटककर इंग्लैंड के खेमे में उम्मीद की किरण जगा दिया। 134 ओवर में दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 9 विकेट पर 241 रन था। उसे हार टालने के लिए 12 ओवरों तक और बल्लेबाजी करनी थी, जबकि उसका एक विकेट गिरना ही शेष था।
देखिए जीत के बाद स्टोक्स ने क्या कहा-
A message from @benstokes38 to fans after a brilliant victory in Cape Town
(: @englandcricket) #SAvENG pic.twitter.com/tg7shZYWox
— ESPNcricinfo (@ESPNcricinfo) January 7, 2020
135वें ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने 4 रन बनाए। 136वां ओवर स्टोक्स ने फेंका। उसने एक रन दिए। 137वें ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने 2 रन बनाए। अब 9 ओवरों का खेल बाकी रह गया था। क्रीज पर वर्नोन फिलैंडर और कगिसो रबाडा थे। फिलैंडर 47 गेंदें खेल चुके थे। ऐसा लग रहा था कि वे अपनी टीम की हार टाल देंगे, लेकिन 138वें ओवर की चौथी गेंद पर स्टोक्स ने उन्हें ओली पोप के हाथों कैच कराकर दक्षिण अफ्रीकी पारी का अंत कर दिया। इसके साथ ही इंग्लैंड ने मैच भी जीत लिया।