सीमित ओवर फॉर्मेट में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा चोटिल होने के चलते इन दिनों रेस्ट पर हैं। वे परिवार के साथ टाइम बिता रहे हैं। हालांकि, वे फिर भी क्रिकेट सुर्खियों में बने हुए हैं। सोशल मीडिया पर रोहित का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वे अपनी बेटी के साथ बेड पर लेटे हुए मोबाइल चलाते नजर आ रहे हैं। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, ‘रोहित की पोस्ट को मंजूरी देती सैमी।’ सैमी यानी रोहित अपनी बेबी समायरा से सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट करने की परमीशन मांग रहे हैं। इस वीडियो को ‘हिटमैन’ की पत्नी रितिका सजदेह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया है।

रितिका की इस पोस्ट को आईपीएल की फ्रैंचाइजी टीम मुंबई इंडियंस ने भी अपने ट्विटर पेज पर शेयर किया है। उसके फोटो कैप्शन में क्रेडिट हैशटैग को दिया। मुंबई इंडियंस ने ट्विटर पर फोटो शेयर करते हुए क्यूट समायरा को रोहित की नई सोशल मीडिया मैनेजर बताया और साथ में दिल बनाया।

Mumbai Indians ने क्रिकेट लवर्स से सोशल अकाउंट पर सवाल करते हुए लिखा, 1 से 10 तक नंबर देते हुए फैंस ये बताएं कि रोहित की नई सोशल मीडिया मैनेजर कितनी क्यूट हैं? इसके बाद तमाम लोग इस मैनेजर को क्यूट बता रहे हैं। साथ ही रोहित शर्मा के जल्द ठीक होने की दुआ भी कर रहे हैं। मुंबई इंडियंस ने तस्वीर शेयर करते हुए समायरा की ओर से कैप्शन में लिखा Lets Post Dada! तस्वीर में जिस तरह से समायरा पापा के फोन को पैनी नजर से देखते हुए उन्हें पोस्ट करने की इजाजत दे रही हैं इससे जाहिर होता है कि रोहित की बेटी से काफी अच्छी बॉन्डिग है।

बात अगर रोहित के वर्कफ्रंट की करें तो पिछले दिनों उन्हें न्यूजीलैंड दौरे से चोटिल होने के चलते मैदान से वापस लौटना पड़ा। वे पांचवें और आखिरी टी20 मैच में चोटिल हुए थे। मैदान पर खेलते हुए रोहित कॉफ इंजरी का शिकार हो गए थे। इसके बाद उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है। अब तक उन्हें लेकर भले ही BCCI ने किसी तरह की कोई जानकारी न दी हो लेकिन रोहित ने जरूर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें वे जबरदस्त वर्कआउट करते दिख रहे हैं। हो सकता है यह वही वीडियो हो जिसे पोस्ट करने के लिए रोहित ने समायरा से इजाजत मांगी है, क्योंकि यह वीडियो भी रितिका की पोस्ट के ठीक बाद इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है।