श्रीलंका को 3 टेस्ट, 5 वनडे और 1 टी20 में मात देने के बाद टीम इंडिया वापस लौट आई है। विराट एंड कंपनी के लिए यकीनन यह यादगार दौरा रहा। पहली बार टीम इंडिया ने किसी दौरे पर 9-0 से जीत हासिल की। टीम इंडिया के हिटमैन रोहित शर्मा अपनी पत्नी रितिक सजदेह के साथ मुंबई लौटे। रोहित ने एक सेल्फी शेयर की है, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी के गालों को पकड़ा हुआ है। एेसा लग रहा है कि वह रितिका को नींद से जगा रहे हैं। इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई इस तस्वीर के कैप्शन में रोहित ने लिखा-एक घंटे की नींद के बाद हमें देखिए। हम दोनों की एनर्जी लेवल का साफ पता चल रहा है। हैशटैग में रोहित ने लिखा-यह ट्रैवलिंग को मजेदार बना देती है। इस तस्वीर में रोहित बेहद फ्रेश नजर आ रहे हैं, लेकिन शायद उनकी पत्नी थोड़ा और सोना चाह रही हैं।
रोहित शर्मा ने वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है। वह भारत के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे। उन्होंने 302 रन बनाए, जिसमें 2 शतक शामिल थे। पहले नंबर पर भारतीय कप्तान विराट कोहली थे, जिन्होंने 330 रन बनाए। उनके भी सीरीज में दो सेंचुरी बनाईं। अब 30 वनडे शतकों के साथ वह रिकी पॉन्टिंग के बराबर पहुंच गए हैं। अब उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर हैं, जिनके 49 शतक हैं।
विराट की शानदार पारी की बदौलत टीम इंडिया ने बुधवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इकलौते टी20 में श्रीलंका को 7 विकेट से मात दे दी। विराट ने 82 और मनीष पांडे ने नाबाद 51 रन बनाए। कोहली के नाम अब टी20 क्रिकेट में चेज करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। पहले यह कीर्तमान न्यू जीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रैंडन मैकलम के नाम था। उन्होंने चेज करते हुए 1006 रन बनाए थे। वहीं कोहली के अब 1016 रन हो गए हैं। कोहली ने इस पारी के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15000 रन भी पूरे कर लिए हैं।

