Road Safety World Series 2020, India Legends vs Sri Lanka Legends: इंडिया लीजेंड्स ने मंगलवार यानी 10 मार्च 2020 को रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज 2020 के तीसरे मैच में श्रीलंका लीजेंड्स को 5 विकेट से हरा दिया। मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए इस मैच में इंडिया लीजेंड्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
श्रीलंका लीजेंड्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 138 रन बनाए। उसे इस स्कोर तक पहुंचाने में तिलकरत्ने दिलशान (23), रोमेश कालूवितर्णा (21), चमारा कापूगदेरा (23), सचित्र सेनानायके (19), फरवीज महरूफ और थिलन तुषारा (दोनों 10-10 रन) ने अहम योगदान दिया।
भारत की ओर से मुनाफ पटेल सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट लिए। उनके अलावा जहीर खान, इरफान पठान, मनप्रीत गोनी और संजय बांगड़ भी 1-1 विकेट लेने में सफल रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया लीजेंड्स ने 18.4 ओवर में 5 विकेट पर 139 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। उसकी इस जीत में इरफान पठान और मोहम्मद कैफ ने अहम भूमिका निभाई।
कैफ ने 3 चौके और एक छक्के की मदद से 45 गेंद पर 46 रन बनाए। पठान ने 6 चौके और 3 छक्के की दम पर 31 गेंद पर 57 रन बनाए। श्रीलंका लीजेंड्स की ओर से चामिंडा वास ने 5 रन देकर 2 विकेट लिए। रंगना हेराथ और सचित्र सेनानायके ने क्रमशः 22 और 19 रन देकर 1-1 विकेट लिए। इंडिया लीजेंड्स ने अपने पहले मैच में वेस्टइंडीज लीजेंड्स को 7 विकेट से हराया था।
इस मैच में दोनों टीमें इन खिलाड़ियों के साथ उतरीं:
इंडिया लीजेंड्स : सचिन तेंदुलकर (कप्तान), वीरेंद्र सहवाग, मोहम्मद कैफ, मनप्रीत गोनी, युवराज सिंह, समीर दीघे (विकेटकीपर), संजय बांगड़, इरफान पठान, जहीर खान, मुनाफ पटेल, प्रज्ञान ओझा।
श्रीलंका लीजेंड्स : तिलकरत्ने दिलशान (कप्तान), रोमेश कालूविर्तणा (विकेटकीपर), मर्वन अटापट्टू, चमारा कापूगदेरा, उपुल चंदाना, फरवीज महरूफ, सचित्र सेनानायके, अजंता मेंडिस, चामिंडा वास, थिलन तुषारा, रंगना हेराथ।


एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत यह मैच हार जाएगा, लेकिन इरफान पठान और मनप्रीत गोनी ने आखिरी 10 गेंदों पर 39 रन जोड़कर मैच भारत की झोली में डाल दिया। पठान ने 6 चौके और 3 छक्के की दम पर 31 गेंद पर 57 रन बनाए। गोनी ने 1 छक्के की मदद से 8 गेंद पर 11 रन बनाए। भारत ने 18.4 ओवर में 5 विकेट पर 139 रन बनाकर मैच जीत लिया।
18वां ओवर भारत के लिए बहुत अच्छा साबित हुआ। इस ओवर में इरफान पठान ने छक्का, छक्का, चौका, चौका जड़ा। छठी गेंद पर मनप्रीत गोनी ने भी छक्का जड़ा। इस ओवर से पहले भारत को 3 ओवर में 39 रन बनाने थे, लेकिन इस ओवर के बाद उसे 12 गेंद पर 13 रन बनाने रह गए।
16वां ओवर भारत के लिहाज से अच्छा रहा। इस ओवर में भारत ने 13 रन बनाए। इस ओवर की पांचवी और छठी गेंद पर पठान ने क्रमशः चौका और छक्का लगाया। उनके 20 गेंद पर 24 रन हो गए। मनप्रीत गोनी अभी 2 रन पर खेल रहे हैं।
15वां ओवर सचित्र सेनानायके लेकर आए। इस ओवर की चौथी गेंद पर मोहम्मद कैफ एक्स्ट्रा कवर पर अजंता मेंडिस के हाथों कैच आउट हो गए। वे अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए। उन्होंने 3 चौके और एक छक्के के दम पर 45 गेंद पर 46 रन बनाए। कैफ की जगह मनप्रीत गोनी क्रीज पर आए हैं।
14वां भारत के लिहाज से अच्छा नहीं रहा। फरवीज महरूफ के इस ओवर में कैफ और पठान सिर्फ 4 रन ही बना पाए। फैंस को उनसे चौके-छक्के की उम्मीद है। पठान इस समय 45 रन बनाकर खेल रहे हैं। पठान के खाते में 10 रन जुड़े हैं।
13वां ओवर तिलकरत्ने दिलशान लेकर आए। उनके इस ओवर की पहली ही गेंद पर इरफान पठान ने चौका जड़ दिया। अगली गेंद पर पठान ने एक रन लेकर स्ट्राइक कैफ को दे दी। इस ओवर से भारतीय बल्लेबाजों ने 9 रन बटोरे।
11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर संजय बांगड़ एलबीडब्ल्यू हो गए। उन्होंने आउट होने से पहले 2 चौके की मदद से 19 गेंद पर 18 रन बनाए। उनकी जगह इरफान पठान बल्लेबाजी के लिए आए हैं। देखना है कि अब वे क्या कमाल दिखाते हैं।
10वां ओवर सचित्र सेनानायके लेकर आए। उनके इस ओवर में कैफ और बांगड़ ने 6 रन बनाए। इसके साथ ही भारत का अर्धशतक भी पूरा हो गया। 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर कैफ ने रंगना हेराथ पर फिर छक्का जड़ा। उनके 36 गेंद पर 39 रन हो गए हैं। बांगड़ 17 गेंद पर 14 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत को अभी 8.25 के औसत से रन बनाने की जरूरत है।
टाइम आउट खत्म हो चुका है। 9 ओवर के बाद भारत का स्कोर 3 विकेट पर 44 रन है। उसे जीत के लिए अभी 66 गेंद पर 95 रन बनाने हैं। यानी उसे 8.64 के औसत से रन बनाने हैं। जबकि अब तक उसने 4.89 के औसत से रन बनाए हैं।
9वां ओवर भी रंगना हेराथ ने फेंका। इस ओवर की पहली ही गेंद पर कैफ ने छक्का जड़ दिया। तीसरी गेंद पर उन्होंने एक रन लेकर स्ट्राइक संजय बांगड़ को दे दी। बांगड़ ने चौथी गेंद को लॉन्ग ऑन पर खेला और स्ट्राइक रोटेट की। पांचवीं गेंद डॉट रही। छठी गेंद पर कैफ ने एक रन ले लिया। इसका मतलब है कि 10वें ओवर की पहली गेंद कैफ ही खेलेंगे।
7वां ओवर रंगना हेराथ लेकर आए। उनकी चौथी गेंद पर कैफ ने एक रन लेकर स्ट्राइक संजय बांगड़ को दे दी। बांगड़ ने पांचवीं गेंद को थर्ड मैन की ओर खेलकर एक रन लिया। हालांकि, यह रन पूरा करते ही कैफ गिर पड़ा। लगता है कि उनकी हैमस्ट्रिंग में समस्या हुई है। फिजियो उनकी जांच कर रहे हैं।
चामिंडा वास की घातक गेंदबाजी के आगे भारतीय टीम कुछ कर नहीं पा रही है। वे अब तक भारत के दो स्टार बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखा चुके हैं। उन्होंने युवराज सिंह को भी विकेट के पीछे रोमेश कालूवितर्णा के हाथों कैच करा दिया। युवराज 3 गेंद पर एक रन ही बना पाए। युवराज के आउट होने के बाद संजय बांगड़ क्रीज पर आए।
तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर वीरेंद्र सहवाग रन आउट हो गए। वास की इस गेंद को कैफ ने मिड-विकेट की ओर खेला और रन के लिए दौड़ पड़े। हालांकि, सहवाग क्रीज पर नहीं पहुंच पाए और उपुल चंदाना के सीधे थ्रो पर रन आउट हो गए। सहवाग की जगह युवराज सिंह मैदान पर आए हैं।
दूसरा ओवर थिलन तुषारा लेकर आए। इस ओवर में मोहम्मद कैफ ने 2 चौके मारे। वे इस समय 10 गेंद पर 10 और वीरेंद्र सहवाग 5 गेंद पर 3 रन बनाकर खेल रहे हैं। तीसरा ओवर चामिंडा वास लेकर आए। इस ओवर में भारत को फिर एक झटका लगा।
सचिन पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना पाए। दूसरी गेंद को उन्होंने कट करने का प्रयास किया, लेकिन विकेट के पीछे रोमेश कालूवितर्णा चौकन्ना थे। उन्होंने सचिन का कैच लपकने में कोई गलती नहीं की। सचिन की जगह मोहम्मद कैफ बल्लेबाजी के लिए उतरे।
139 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारत की ओर से सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग ने पारी की शुरुआत की। श्रीलंका की ओर से चामिंडा वास पहला ओवर लेकर आए। सहवाग ने पहली गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक सचिन को दे दी।
श्रीलंका ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 138 रन बनाए। भारत की ओर से मुनाफ पटेल ने 19 रन देकर 4 विकेट लिए। श्रीलंका की ओर से चमारा कापूगदेरा और तिलकरत्ने दिलशान 23-23 रन बनाकर हाइएस्ट स्कोरर रहे। अब देखऩा है कि सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग से सजी भारतीय टीम इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए क्या रणनीति अपनाती है।
10 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 3 विकेट पर 57 रन था। अटापट्टू की जगह चमारा कापूगदेरा ने क्रीज संभाली है। 11वां ओवर इरफान पठान ने फेंका। इस ओवर की दूसरी ही गेंद पर कापूगदेरा ने चौका जड़ दिया। उन्होंने आखिरी गेंद पर भी चौका जड़ा। इस ओवर में इरफान ने 10 रन दिए।
10वां ओवर मनप्रीत गोनी लेकर आए। उन्होंने अपनी चौथी गेंद पर मर्वन अटापट्टू को विकेट के पीछे समीर दिघे के हाथों कैच करा दिया। मर्वन 5 गेंद पर सिर्फ एक रन ही बना पाए। इस ओवर में गोनी ने सिर्फ 2 रन दिए।
9वां ओवर इरफान पठान लेकर आए। उन्होंने अपनी दूसरी ही गेंद पर खतरनाक साबित हो रहे रोमेश कालूवितर्णा को पवेलियन की राह दिखाई। रोमेश ने 4 चौके की मदद से 20 रन बनाए। रोमेश की जगह बाएं हाथ के बल्लेबाज थिलन तुषारा क्रीज पर आए।
मुनाफ पटेल ने भारत को पहली सफलता दिलाई। वे पारी का आठवां ओवर लेकर आए। उन्होंने दूसरी गेंद पर ही तिलकरत्ने दिलशान को मोहम्मद कैफ के हाथों डीप-मिड विकेट पर कैच करा दिया। दिलशान ने 4 चौके की मदद से 23 गेंद पर 23 रन बनाए। उनकी जगह मर्वन अटापट्टू क्रीज पर आए हैं।
पांच ओवरों का खेल खत्म हो चुका है। श्रीलंका ने बिना विकेट खोए 32 रन बना लिए हैं। रोमेश कालूविर्तणा 16 और तिलकरत्ने दिलशान 12 रन बनाकर खेल रहे हैं। अब तक भारतीय गेंदबाज एक भी विकेट गिराने में सफल नहीं हुए हैं। इस जोड़ी को उन्हें जल्द तोड़ना होगा।
रोमेश कालूविर्तणा ने चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर इरफान पठान को चौका जड़ा। इसकी अगली ही गेंद पर इरफान ने एलबीडब्ल्यू की अपील की। हालांकि, अंपायर साइमन टाफेल ने इसे खारिज कर दिया। इस ओवर में श्रीलंका ने 11 रन बनाए।
दूसरा ओवर इरफान पठान लेकर आए। इस ओवर में उन्होंने सिर्फ 5 रन दिए। उनके इस ओवर की चौथी गेंद पर तिलकरत्ने दिलशान ने चौका मारा। एक गेंद वाइड रही।
इंडिया लीजेंड्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। श्रीलंका लीजेंड्स की ओर से रोमेश कालूविर्तणा और तिलकरत्ने दिलशान ने पारी की शुरुआत की। भारत की ओर से पहला ओवर जहीर खान लेकर आए। रोमेश कालूविर्तणा ने इस ओवर में जहीर खान को दो चौके जड़े। पहले ओवर में श्रीलंका ने बिना विकेट गंवाए 10 रन बनाए।