रियो ओलंपिक 2016 में भारत को कांस्य पदक दिलवाने वाली रेसलर साक्षी मलिक भारत लौटकर अपने राज्य हरियाणा पहुंची। वहां पर उनके स्वागत में हुए एक कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ऐलान किया कि साक्षी मलिक ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के लिए राज्य की ब्रांड एंबेसडर होंगी। साक्षी मलिक बुधवार (24 अगस्त) को हरियाणा पहुंची थी। वहां उनके स्वागत के लिए बहादुरगढ़ में एक बड़ा कार्यक्रम किया गया था। कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद थे। उन्होंने ऐलान किया कि साक्षी मलिक ही हरियाणा में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की ब्रांड एंबेसडर होंगी। इसके साथ ही उन्होंने वादे के अनुसार साक्षी को 2.5 करोड़ रुपए का चेक भी दिया। हरियाणा में साक्षी के स्वागत के लिए बहुत सारे लोग मौजदू थे। मुख्यमंत्री समेत कई लड़कियों ने भी साक्षी को फूल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। अपने भाषण में साक्षी ने सभी का शुक्रिया भी अदा किया था।
साक्षी ने ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनने के साथ इतिहास रच दिया और वह ओलंपिक पदक जीतने वाली देश की चौथी महिला खिलाड़ी हैं। इससे पहले भारोत्तोलक कर्णम मल्लेश्वरी (सिडनी 2000), मुक्केबाज एम सी मेरीकाम (2012 लंदन), बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल (लंदन 2012) भारत के लिए ओलंपिक में पदक जीतने वाली महिला खिलाड़ी हैं। 23 साल की साक्षी ने 2014 में ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीता था। सक्षी ने 2014 में ही एशियन गेम्स में भी कांस्य पदक जीता था।
हरियाणा में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान विवादों में रहा है। पिछले साल सुनने में आया था कि बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा को हरियाणा का एंबेसडर बनाया गया है। लेकिन बाद में वह खबर गलत साबित हुई थी। तब महिला एंव बाल विकास मंत्री कविता जैन ने सामने आकर सफाई दी थी।
Read Also: साक्षी मलिक के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले शख्स के खिलाफ मामला दर्ज