साक्षी मलिक गुरुवार (18 अगस्त) को ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बन गई और खेलों के इस महासमर में पदक जीतने वाली भारत की चौथी महिला खिलाड़ी बन गई। हरियाणा की इस 23 वर्षीय पहलवान ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2014 में रजत पदक और 2014 इंचियोन एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था।

भारोत्तोलक कर्णम मल्लेश्वरी ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला है जिसने 2000 सिडनी ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। मुक्केबाज एम सी मेरीकाम और बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल 2012 लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीती है। साक्षी का यह पदक कुश्ती में भारत का पांचवां ओलंपिक पदक है।

केडी जाधव ने 1952 हेलसिंकी खेलों में भारत के लिए कांस्य पदक जीता था। सुशील कुमार ने 2008 बीजिंग ओलंपिक में कांस्य और लंदन ओलंपिक में रजत पदक जीता जबकि योगेश्वर दत्त ने भी लंदन में कांस्य पदक जीता था। साक्षी के इस पदक ने भारतीय खेमे में ऊर्जा का संचार कर दिया है चूंकि पिछले 11 दिन से पदक का इंतजार हो रहा था। भारत का यह ओलंपिक में 25वां पदक है।

साक्षी मलिक से जुड़ी सारी ख़बरों के लिए क्लिक करें…