पहले दो दौर में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली भारतीय गोल्फर आदिति अशोक ने तीसरे दौर में आठ ओवर 79 का स्कोर बनाया जिससे वह रियो ओलंपिक की महिला गोल्फ स्पर्धा में कुल दो ओवर 215 के स्कोर के साथ संयुक्त 31वें स्थान पर खिसक गई। आदिति पहले दो दौर के बाद संयुक्त आठवें स्थान पर चल रही थी और वह पदक की दौड़ में बनी हुई थी लेकिन तीसरे दौर में वह 23 स्थान नीचे खिसक गई। इससे वह पदक की दौड़ से लगभग बाहर हो गई हैं। इसे 18 वर्षीय खिलाड़ी ने पहले दो होल में समान तीन अंडर 68 का स्कोर बनाया था लेकिन तीसरे दौर के अंतिम नौ होल में उन्होंने बेहद खराब प्रदर्शन किया तथा पांच बोगी की।
आदिति ने दूसरे होल में बोगी की लेकिन इसके बाद उन्होंने पांचवें होल में बर्डी बनाकर वापसी की। सातवें होल में वह फिर से बोगी कर गई और इस तरह से पहले नौ होल के बाद उनका स्कोर एक ओवर 36 था। आखिरी नौ होल में भी वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई। दक्षिण कोरिया की इनबी पार्क तीसरे दौर में एक अंडर 70 के स्कोर से कुल 11 अंडर 202 के स्कोर के साथ अपनी बढ़त बरकरार रखी है। न्यूजीलैंड की लीडिया को (छह अंडर 65) और अमेरिका की गेरिना पिलर (तीन अंडर 68) कुल नौ अंडर 204 के स्कोर के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर चल रही हैं।