फर्राटा दौड़ के अलावा सभी की निगाहें 400 मीटर दौड़ पर भी लगी थीं जिसमें दक्षिण अफ्रीका के वेड वान नीकर्क ने आठवीं लेन पर दौड़ते हुए विश्व रेकॉर्ड बना दिया। इस दौड़ में कड़ा मुकाबला देखने को मिला क्योंकि फाइनल में पहुंचे सभी आठ धावकों ने 44.61 सेकंड से कम का समय निकाला। लेकिन 24 वर्षीय नीकर्क ने 43 सेकंड से कम समय में दौड़ पूरी करने की संभावना जगा दी। नीकर्क ने बाद में कहा कि मुझे विश्वास था कि मैं विश्व रेकॉर्ड बना सकता हूं। मैंने हमेशा इस पदक का सपना देखा था। मैं खुशनसीब हूं। 1999 में बना जॉनसन का रेकॉर्ड टूट गया लेकिन इस दौड़ से वह भी काफी रोमांचित थे। उन्होंने कहा कि मैंने कभी इस तरह की दौड़ नहीं देखी। यह शानदार थी। वान नीकर्क का यह अभूतपूर्व प्रदर्शन था। इस युवा खिलाड़ी ने वास्तव में खास किया है। वह 43 सेकंड से कम का समय निकाल सकता है। मैंने कोशिश की थी लेकिन नाकाम रहा।

एथलेटिक्स में जिन अन्य स्पर्धाओं में पदकों का फैसला हुआ उनमें महिलाओं की मैराथन भी शामिल थी जिसमें कीनिया की जेमिमा जेलागट सुमगांग ने स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने दो घंटे 24 मिनट 04 सेकंड में दौड़ पूरी की। बहरीन की इयुनीस जेपकिरुई किर्वा (दो घंटे 24 मिनट 13 सेकंड) को रजत और इथियोपिया की मेर दिबाबा (दो घंटे 24 मिनट 47 सेकंड) को कांस्य पदक मिला। महिलाओं की त्रिकूद में कोलंबिया की कैटरीन इबारगन ने 15.17 मीटर कूद लगाकर सोने का तमगा हासिल किया। वेनेजुएला की युलिमार रोजस ने 14.98 मीटर कूद लगाकर रजत जबकि कजाखस्तान के ओलक अलेक्सेयेवा ने कांस्य पदक जीता।