भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एम एम सोमैया को विश्वास है कि भारतीय टीम रियो ओलंपिक में पदक जीत सकती है और अपने प्रदर्शन के दम पर टीम ने यह यकीन दिलाया है। उन्होंने कहा,‘भारत रियो में पदक का प्रबल दावेदार है। कोच रोलेंट ओल्टमेंस ने टीम को तराश दिया है। उन्होंने काफी बदलाव किए हैं और खिलाड़ियों पर निर्भर रहने की बजाय खेल की शैली पर जोर दिया है।’ मुंबई खेल पत्रकार संघ द्वारा क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया पर आयोजित एक समारोह में सोमैया ने कहा कि चैम्पियंस ट्राफी में टीम के प्रदर्शन को देखकर उन्हें यह यकीन हो चला है।
उन्होंने कहा,‘कोच हर मैच में विरोधी और हालात के अनुरूप संयोजन बना सकते हैं। उन्होंने हर टूर्नामेंट में कुछ नया आजमाया है और खिलाड़ियों को बहुमुखी प्रतिभा का धनी बना दिया है। विरोधी टीम उनकी रणनीति का कयास नहीं लगा सकती।’ सोमैया ने कहा,‘उन्होंने खिलाड़ियों पर अलग अलग ध्यान देने की बजाय टीम के खेल पर ध्यान दिया। सरदार सिंह को छोड़कर कहीं व्यक्तिगत खेल पर फोकस नहीं है। यह बदलाव वह लाए हैं। उन्होंने रोलिंग सब्स्ट्यूशन का भी बखूबी इस्तेमाल किया है।’