WWE के सुपर स्टार रेसलर रह चुके रिक फ्लेयर 69 साल की उम्र में भी बिंदास अंदाज में जिंदगी जी रहे हैं। एक साल पहले ही उन्होंने अपने से दस साल छोटी 58 वर्षीया वेंडी बार्लो से शादी की थी। यह उनकी पांचवीं शादी थी। इससे पहले हुई चार शादियां टूटने के बाद फ्लेयर काफी दिनों तक अकेले थे। उनका भरोसा शादी से उठ गया था, लेकिन बाद में उन्होंने एक बार फिर अपना मन बदला और पांचवीं शादी कर ली। 16 बार के विश्व चैंपियन रिक फ्लेयर की पर्सनल लाइफ काफी उतार-चढ़ाव से भरी रही है। साल 1971 में लेस्ली के साथ रिकी फ्लेयर की पहली शादी हुई थी। लेस्ली और फ्लेयर के बीच यह रिश्ता 12 सालों तक चला। इसके बाद दोनों ने तलाक होकर अलग होने का फैसला किया। मेगन और डेविड नामक इनके दो बच्चे भी हुए जो आगे लेस्ली के साथ रहने लगे। साल 1983 में पहली पत्नी से तलाक लेने के बाद फ्लेयर ने एलिजाबेथ हैरेल से दूसरी शादी कर ली।
एलिजाबेथ के साथ रिक की शादी 23 साल तक चली। साल 2006 में दोनों ने डिवोर्स ले लिया और एक-दूसरे अलग हो गए। एलिजाबेथ से भी फ्लेयर को रीड और एश्ले दो बच्चे हुए। एश्ले ने भी WWE की दुनिया में अच्छा खासा नाम कमाया है। तलाक के दौरान कोर्ट में रिक ने एलिजाबेथ पर पीटने का आरोप लगाया। जिसे रिक के वकील ने साबित भी कर दिया। इसके बाद रिक ने फिटनेस इंस्ट्रक्टर टिफनी वेनडिमार्क से साल 2006 में तीसरी शादी की।
वेनडिमार्क के साथ रिक का रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं चला और इन दोनों का भी तलाक हो गया। तलाक के दौरान रिक ने वेनडिमार्क पर भी मारपीट का आरोप लगाया। रिक के मुताबिक वेनडिमार्क ने कई बार उन पर फोन चार्जर से हमला किया था। साल 2009 में कोर्ट ने इनके तलाक की अर्जी को मंजूर कर लिया। इसी साल जैकी बीम के साथ रिक ने चौथी शादी रचाई। इन दोनों का रिश्ता भी ज्यादा दिन तक नहीं चल सका और एक साल बाद ही दोनों ने तलाक ले लिया।
रिक ने बीम पर भी मारपीट का आरोप लगाया। उनके मुताबिक उनकी वाइफ ने उन्हें चेहरे पर जोरदार मुक्का मारा था। जिसके बाद पुलिस ने बीम के खिलाफ दुर्व्यवहार की धारा लगाई गई थी। इस तरह किर की चौथी शादी भी टूट गई। रिंग में बड़े-बड़े रेसलरों को पटखनी देने वाले रिक पांच पत्नियों में तीन पत्नियों पर मारपीट का आरोप लगा चुके हैं।
