साल 2023 भारतीय बल्लेबाज रिंकू सिंह के लिए बहुत खास रहा। आईपीएल के मुकाबले के आखिरी ओवर की आखिरी पांच गेंद पर 5 छक्के लगाकर सनसनी मचा दी थी। इसके बाद उन्होंने टीम इंडिया के लिए टी20 और वनडे डेब्यू भी किया। रिंकू की नजर के लिए टेस्ट टीम पर और रणजी ट्रॉफी में उन्होंने इसकी झलक भी दिखा दी।

रिंकू सिंह ने संभाली उत्तर प्रदेश की पारी

रिंकू सिंह रणजी ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की ओर से खेलते हैं। पहले रणजी मैच में टीम का सामना केरल से है। उत्तर प्रदेश की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी लेकिन शुरुआत अच्छी नहीं रही। समर्थ सिंह 10 और आकाश दीप 9 ही रन बना सके। प्रियम गर्ग ने 44 रन बनाए लेकिन टीम की स्थिति अच्छी नहीं थी। छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए रिंकू सिंह ने टीम की पारी को संभाला।

टेस्ट के अंदाज में खेले मैच

रिंकू यहां अपने चिर परिचित अंदाज में बल्लेबाजी नहीं की। वह काफी संभलकर खेलते हुए नजर आए। खबर लिखे जाने तक उन्होंने 103 गेंदों में 71 रन बना लिए थे जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल थे। उन्होंने विकेटकीपर ध्रुव चंद जुरेल के साथ शतकीय साझेदारी की। इसी कारण टीम का स्कोर 200 के पार पहुंच पाया। केरल की बात करें तो यहां पांच विकेट पांचों गेंदबाजों ने बांटे।

रिंकू सिंह का घरेलू रिकॉर्ड

रिंकू सिंह ने साल 2016 में पांच नवंबर को रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था। साल 2018-19 में वह सीजन में वह अपनी टीम की ओऱ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। हालांकि इसी साल 2019 में उनपर तीन महीने का बैन लगा था। रिंकू बिना अनुमति के अबु धाबी के टी20 टूर्नामेंट में खेलने पहुंचे थे। इसी वजह से उन्हें यह सजा दी गई थी। रिंकू सिंह ने इसके बाद अच्छी वापसी की और घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ आईपीएल में भी जमकर रन बनाए। टीम इंडिया में जबसे रिंकू आए हैं वह फिनिशर की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने टीम इंडिया के लिए कई छोटी पर अहम पारियां खेली हैं।