रणजी ट्रॉफी 2021-22 के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के दूसरे दिन यानी 7 मई 2022 को सरफराज खान के बाद मुंबई के सुवेद पारकर (Suved Parkar) भी सुपरहिट रहे। छह अप्रैल 2001 को जन्में सुवेद पारकर ने उत्तराखंड के खिलाफ मुकाबले में 28 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी की। वहीं, झारखंड के खिलाफ मैच में बंगाल के सुदीप कुमार घरवानी और अनुस्तूप मजूमदार ने शतक जड़े, जबकि सूबे के खेल मंत्री मनोज तिवारी और विकेटकीपर अभिषेक पटेल ने भी पचासा ठोका। मनोज तिवारी दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय 54 रन बनाकर नाबाद थे।

रणजी ट्रॉफी 2021-22 के दूसरे क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन सुवेद पारकर ने दोहरा शतक लगाया। सुवेद का यह दोहरा शतक उनके प्रथम श्रेणी क्रिकेट डेब्यू मैच में ही आया है। सुवेद डेब्यू मैच में दोहरा शतक लगाने वाले भारत के 12वें और मुंबई के दूसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंने 252 रन बनाए। खास यह रहा कि अलूर के केएससीए क्रिकेट (2) ग्राउंड पर उन्होंने अपने कोच अमोल मजूमदार के सामने यह उपलब्धि हासिल की।

यही नहीं, उन्होंने अमूल मजूमदार के रिकॉर्ड की बराबरी भी की। अमोल मजूमदार ने 1993-94 सीजन में हरियाणा के खिलाफ मैच से रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था। उन्होंने फरीदाबाद में खेल गए उस मैच में 260 रन बनाए थे। सुवेद पारकर ने दूसरे दिन के दूसरे सत्र में बाएं हाथ के स्पिनर स्वप्निल सिंह की गेंद पर एक रन लेकर अपना दोहरा शतक पूरा किया। उन्होंने दोहरा शतक पूरा करने के लिए 375 गेंदें खेलीं।

सुवेद से पहले मुंबई के सरफराज खान ने इतिहास रचा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। सुवेद और सरफराज की शानदार पारियों की मदद से मुंबई ने पहली पारी 8 विकेट पर 647 रन पर घोषित की। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय उत्तराखंड का स्कोर दो विकेट पर 39 रन था। सुवेद पारकर ने रन आउट होने से पहले 447 गेंद में 21 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 252 रन बनाए।

सुवेद पारकर ने सरफराज खान (153) के साथ चौथे विकेट के लिए 267 रन की साझेदारी की। इसके बाद शम्स मुलानी (59) के साथ भी छठे विकेट के लिए 106 रन जोड़े। पारकर के आउट होते मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ ने पारी घोषित कर दी। उधर, रणजी ट्रॉफी चौथे क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन शुभम शर्मा के शतक की मदद से मध्यप्रदेश ने पंजाब के खिलाफ पहली पारी में दो विकेट पर 238 रन बनाकर 19 रन की बढ़त हासिल की।

मध्य प्रदेश के बल्लेबाजों ने दिन के खेल के दौरान काफी धीमी बल्लेबाजी की। टीम 98 ओवर में 233 रन ही बना पाई। शुभम ने नाबाद 102 रन की अपनी पारी के दौरान हिमांशु (89) के साथ दूसरे विकेट के लिए 120 रन भी जोड़े। शुभम अपनी पारी में अब तक 211 गेंद का सामना करते हुए नौ चौके और एक छक्का जड़ चुके हैं।

हिमांशु ने 242 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और दो छक्के मारे। दिन का खेल खत्म होने पर रजत पाटीदार 20 रन बनाकर शुभम का साथ निभा रहे थे। पंजाब के कप्तान अभिषेक शर्मा ने मध्य प्रदेश की पारी में अब तक आठ गेंदबाजों को आजमाया है, लेकिन दोनों सफलताएं लेग स्पिनर मयंक मार्कंडे (70 रन पर दो विकेट) के खाते में गईं। पंजाब ने पहली पारी में 219 रन बनाए थे और अब मध्य प्रदेश की नजरें बड़ी बढ़त हासिल करने पर टिकी होंगी।

पहले क्वार्टर फाइनल में अनुस्तूप मजूमदार और सुदीप कुमार घरामी के बीच दूसरे विकेट की 234 रन की साझेदारी की मदद से बंगाल ने झारखंड के खिलाफ 5 विकेट पर 577 रन बना लिए। उसकी ओर से मनोज तिवारी (नाबाद 54) और अभिषेक पोरेल (68 रन) ने भी अर्धशतक लगाए। दूसरे दिन मजूमदार ने पहले ही सत्र में अपना शतक पूरा किया। मजूमदार ने 194 गेंदों का सामना करके 15 चौकों की मदद से 117 रन बनाए। पहले दिन चोट के कारण मैदान छोड़ने वाले अभिषेक रमन क्रीज पर उतरे, लेकिन 61 रन बनाकर लौट गए।

इसके बाद दोहरे शतक की ओर बढ़ते दिख रहे घरामी भी 14 रन पीछे रह गए। उन्हें राहुल शुक्ला ने विकेट के पीछे कुमार कुशाग्र के हाथों लपकवाया। घरामी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 380 गेंदों का सामना करके 21 चौकों और एक छक्के की मदद से 186 रन बनाए। अभिषेक पोरेल को सुशांत मिश्रा ने अपना दूसरा शिकार बनाया । वह विकेट के पीछे कैच देकर रवाना हुए। पोरेल ने 111 गेंद में 11 चौके लगाए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय मनोज तिवारी और शाहबाज अहमद क्रीज पर थे।

तीसरे क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक के गेंदबाजों ने उत्तर प्रदेश की पारी को महज 37.3 ओवर में 155 रन पर समेट दिया। इस तरह पहली पारी के आधार पर उसने 98 रन की बढ़त हासिल की। हालांकि, दूसरी पारी में उत्तर प्रदेश के गेंदबाज सौरभ कुमार और अंकित राजपूत ने कहर बरपाया। दिन का खेल खत्म होने के समय तक कर्नाटक का दूसरी पारी में स्कोर 34 ओवर में 8 विकेट पर 100 रन था।

विकेटकीपर श्रीनिवास शरत 10 रन बनाकर नाबाद थे। उत्तर प्रदेश की ओर से अंकित राजपूत ने 8 ओवर में 15 रन देकर 2 विकेट लिए। वहीं, सौरभ ने 14 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट चटकाए। प्रिंस यादव और शिवम मावी ने भी एक-एक विकेट लिए।