पाकिस्तान सुपर लीग (Pakistan Super League 2021) के 18वें मैच में शुक्रवार (11 जून) को इस्लामाबाद यूनाइटेड ने क्वेटा ग्लेडिएटर्स को 10 विकेट से रौंद दिया। टूर्नामेंट में सरफराज अहमद की कप्तानी वाली क्वेटा की टीम 4 मैच हार चुकी है। वह अंक तालिका में सबसे नीचे छठे स्थान पर है। दूसरी ओर, इस्लामाबाद ने तीसरी जीत दर्ज की है। वह 5 मैचों में 6 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर है।
मैच में टॉस जीतकर इस्लामाबाद की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। क्वेटा के ओपनर फाफ डुप्लेसिस तीसरे ही ओवर में आउट हो गए। वे सिर्फ 5 रन बना सके। उन्हें मोहम्मद वसीम जूनियर ने बोल्ड किया। डुप्लेसिस के बाद उस्मान खान को शादाब खान ने बोल्ड कर दिया। उस्मान 14 रन ही बना सके। कुछ देर बाद कप्तान सरफराज अहमद भी पवेलियन लौट गए। वे सिर्फ 2 रन बना सके। मोहम्मद मूसा ने रोहैल नजीर के हाथों कैच कराया। इसके बाद जैक वेदराल्ड और आजम खान ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 39 रनों की साझेदारी की। वेदराल्ड 35 गेंद पर 43 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने तीन चौके और 2 छक्के लगाए।
आंद्रे रसेल से क्वेटा की टीम तूफानी पारी की उम्मीद थी। लेकिन वो कुछ खास नहीं कर सके। रसेल 6 गेंद पर दो छक्कों की मदद से 13 रन बनाकर मूसा की गेंद पर आउट हो गए। मोहम्मद नवाज 4 रन, विल्डरमूथ 9 रन, खुर्रम शहजाद 1 रन और जाहिद महमूद खाता खोले बगैर आउट हो गए। पाकिस्तानी टीम में पहली बार चुने गए आजम खान ने 23 गेंद पर 26 रन बनाकर क्वेटा के स्कोर को 20 ओवर में 10 विकेट 133 रन तक पहुंचाया। हसन अली, मोहम्मद वसीम जूनियर और मोहम्मद मूसा ने 2-2 विकेट लिए। आकिफ जावेद और शादाब खान को एक-एक सफलता मिली।
134 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इस्लामाबाद की टीम ने विस्फोटक शुरुआत की। उसने बिना विकेट गंवाए 10 ओवर में ही 137 रन बना लिए। उस्मान ख्वाजा ने 27 गेंद पर नाबाद 41 रन बनाए। उन्होंने 6 चौके और एक छक्का लगाया। कॉलिन मुनरो ने 36 गेंद पर 90 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 12 चौके और 5 छक्के लगाए। मुनरो का स्ट्राइक रेट 250 का था।