PSL 2021: पाकिस्तान सुपर लीग (Pakistan Super League) 2021 में 22 फरवरी की रात लाहौर कलंदर्स ने क्वेटा ग्लैडिएटर्स को 9 विकेट से हरा दिया। इस मैच में क्वेटा ग्लैडिएटर्स के क्रिस गेल और लाहौर कलंदर्स के मोहम्मद हफीज ने जमकर तूफान मचाया। टी20 भले ही युवाओं का खेल कहा जाता हो लेकिन खास यह है कि ये दोनों खिलाड़ी 40 से ज्यादा की उम्र के हैं। गेल ने छक्का लगाकर 32 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। वहीं, हफीज ने 24 गेंद पर पचासा जड़ दिया। पाकिस्तानी सुपर लीग में हफीज का यह सबसे तेज अर्धशतक है।

कराची के नेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में लाहौर कलंदर्स के कप्तान सोहेल अख्तर ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सरफराज अहमद की कप्तानी वाली क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 178 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लाहौर कलंदर्स ने 18.2 ओवर में एक विकेट पर 179 रन बना मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत से लाहौर कलंदर्स पीएसएल (पाकिस्तान सुपर लीग) 2021 की अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गए। सरफराज अहमद की टीम की यह लगातार दूसरी हार है। वह अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है।

लाहौर कलंदर्स की ओर से फखर जमान ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के की मदद से 52 गेंद में नाबाद 82 रन बनाए। फखर ने सोहेल अख्तर के साथ पहले विकेट के लिए 50 गेंद में 64 रन की साझेदारी की। सोहेल अख्तर ने 3 चौके की मदद से 26 गेंद में 21 रन बनाए। हफीज ने 5 चौके और 6 छक्के की मदद से 33 गेंद में नाबाद 73 रन बनाए। क्वेटा ग्लैडिएटर्स की ओर से जाहिद महमूद ने 28 रन देकर एक विकेट लिया।

इससे पहले क्वेटा ग्लैडिएटर्स की शुरुआत खराब रही। टॉम बैंटन के रूप में उसका पहला विकेट दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर 7 रन के स्कोर पर ही गिर गया था। बैंटन 4 रन ही बना पाए। अगले ओवर की तीसरी गेंद पर दूसरे ओपनर सैम अयूब भी 3 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन निकल लिए। उस समय टीम का स्कोर 12 रन ही था। इसके बाद गेल का तूफान आया। गेल ने सरफराज अहमद के साथ तीसरे विकेट के लिए 68 गेंद में 101 रन की साझेदारी की।

सरफराज 5 चौके की मदद से 33 गेंद में 40 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सरफराज के आउट होने के 4 गेंद बाद गेल भी राशिद खान का शिकार बन गए। गेल ने 5 चौके और 5 छक्के की मदद से 40 गेंद में 68 रन बनाए। इसके बाद मोहम्मद नवाज ने एक चौके और 3 छक्के की मदद से 20 गेंद में 33 रन की नाबाद पारी खेली और टीम को 178 रन के स्कोर तक पहुंचाया। लाहौर कलंदर्स की ओर से राशिद खान ने एक, जबकि हारिस रऊफ ने 38 रन देकर 3 विकेट लिए। शाहीन अफरीदी और अहमद दानियाल भी एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।