भारतीय हॉकी के महान गोलकीपर पी आर श्रीजेश को पद्म भूषण सम्मान के लिये चुना गया जबकि हाल ही में क्रिकेट को अलविदा कहने वाले स्पिनर रविचंद्रन अश्विन समेत चार खिलाड़ियों और एक पैरा कोच को पद्मश्री से नवाजा जायेगा। देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री के लिये चुने गए खिलाड़ियों में भारत के महान फुटबॉलर आई एम विजयन और पैरालम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के पहले पैरा एथलीट हरविंदर सिंह शामिल है।
पीआर श्रीजेश ने की ध्यानचंद की बराबरी
पेरिस में लगातार दूसरा ओलंपिक कांस्य पदक जीतने के बाद हॉकी से विदा लेने वाले श्रीजेश इस समय भारतीय जूनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच हैं। श्रीजेश टोक्यो और पेरिस में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। पेरिस ओलंपिक के बाद उन्होंने संन्यास का ऐलान कर दिया था। दिग्गज खिलाड़ी मेजर ध्यान चंद के बाद दूसरे हॉकी खिलाड़ी हैं जिन्हें पद्म भूषण अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के बीच में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा लेने वाले अश्विन टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिये सर्वाधिक विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं। उन्होंने 106 मैचों में 537 विकेट लिये। अश्विन ने अपने क्रिकेट करियर में कई बड़े रिकॉर्ड हासिल किए हैं।
दिग्गज फुटबॉलर आईएम विजेयन भी लिस्ट भी शामिल
आईएम विजयन देश के दिग्गज फुटबॉलर्स में शामिल हैं। उन्होंने भारत के लिए 72 मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम 29 गोल हैं। वह भारत के लिए नेहरू कप, सैफ चैंपियनशिप और सैफ गेम्स जैसे टूर्नामेंट में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वहीं यह खिलाड़ी 1992, 1997 और 2000 में एआईएफएफ के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे हैं।
कोच सत्यपाल को पद्मश्री
पैरा एथलेटिक्स कोच सत्यपाल सिंह को भी पद्मश्री से नवाजा जायेगा जो खेलरत्न पुरस्कार पाने वाले पैरालम्पिक स्वर्ण पदक विजेता हाई जंप कूद के पैरा खिलाड़ी प्रवीण कुमार के कोच भी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर खेलों के क्षेत्र में पद्म पुरस्कारों के लिये इन पांच नामों की घोषणा की। पद्म भूषण भारत रत्न और पद्म विभूषण के बाद तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। इस साल सात हस्तियों को पद्म विभूषण, 19 को पद्म भूषण और 113 को विभिन्न क्षेत्रों में पद्मश्री प्रदान किये जायेंगे।
नाम | अवॉर्ड | खेल |
पीआर श्रीजेश | पद्म भूषण | हॉकी |
आर अश्विन | पद्म श्री | क्रिकेट |
आईएम विजेयन | पद्म श्री | फुटबॉल |
हरविंदर सिंह | पद्म श्री | पैैरा आर्चरी |
सत्यपाल सिंह | पद्म श्री | पैरा स्पोर्ट्स |