Iran vs Spain, FIFA World Cup 2018: फीफा वर्ल्ड कप-2018 में 20 जून को 3 मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो द्वारा हेडर के जरिए किए गए गोल की मदद से पुर्तगाल ने मोरक्को को 1-0 से हराकर फीफा विश्व कप-2018 में अपना जीत का खाता खोल दिया। लुज्निकी स्टेडियम में इस हार के बाद मोरक्को की टीम नॉकआउट से लगभग बाहर हो गई है। उसे ग्रुप-बी में खेले गए पहले मैच में ईरान से हार का सामना करना पड़ा था।
वहीं दूसरा मुकाबला उरुग्वे और सऊदी अरब के बीच हुआ। अपना 100वां अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल रहे स्टार स्ट्राइकर लुइस सुआरेज के 23वें मिनट में किए गए गोल के दम पर उरुग्वे ने फीफा विश्व कप के 21वें संस्करण में बुधवार को रोस्टन एरिना में खेले गए ग्रुप-ए के अपने दूसरे मैच में सऊदी अरब को 1-0 से मात देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ उरुग्वे के दो मैचों में छह अंक हो गए हैं। मेजबान रूस के भी ग्रुप-ए में छह अंक है, लेकिन गोल अंतर बेहतर होने के कारण वह अंकतालिका में पहले स्थान पर हैं।यह 1954 के बाद पहली बार है जब उरुग्वे ने विश्व कप के ग्रुप दौर में लगातार दो मैच जीते हों। इस जीत ने उरुग्वे की अंतिम-16 में जगह पक्की कर दी है।
दिन के तीसरे मैच में स्पेन ने ग्रुप बी के एक रोमांचक मुकाबले में ईरान को 1-0 से शिकस्त दी। मैच का एकमात्र गोल स्ट्राइकर डिएगो कोस्टा ने किया और स्पेन को विश्व कप के 21वें संस्करण की पहली जीत दिलाई। कजान ऐरेना में खेले गए इस मुकाबले में ईरान ने रक्षात्मक रूप से शानदार प्रदर्शन किया और स्पेन के गेंद पर बेहतर नियंत्रण के बावजूद उनके फारवर्ड खिलाड़ियों को अपने बॉक्स में अधिक जगह नहीं दी। स्पेन को नौवें मिनट में बॉक्स के बाहर बाएं फ्लेंक पर फ्री-किक मिली। मिडफील्डर डेविड सिल्वा ने बेहतरीन क्रॉस दिया लेकिन बॉक्स में कोई भी खिलाड़ी गेंद के पास नहीं पहुंच पाया।
फीफा विश्व कप-2018 के मैच Sony Ten 2 और Sony Ten 2 HD पर अंग्रेजी, जबकि Sony Ten 3 और Sony Ten 3 HD पर हिंदी में देखे जा सकते हैं। वहीं लाइव स्ट्रीमिंग Sony Liv पर उपलब्ध रहेगी।
