भारतीय हॉकी टीम ने बुधवार को पेरिस ओलंपिक में देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता। यह देश का ओलंपिक में बैक कू बैक दूसरा मेडल था। ब्रॉन्ज मेडल मैच में भारत ने स्पेन को 2-1 से मात दी। इस जीत के बाद भारतीय हॉकी खिलाड़ी पेरिस से रवाना हो गए। टीम की उपलब्धि का जश्न हवा में मनाया गया जो बेहद खास रहा।
हॉकी इंडिया ने शेयर किया वीडियो
हॉकी इंडिया ने एक्स पर वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में हॉकी टीम के खिलाड़ी फ्लाइट में बैठे हुए नजर आ रहे हैं। फ्लाइट के पायलट ने एनाउंसमेंट करके बाकी यात्रियों को जानकारी दी की हॉकी टीम भी उनके साथ सफर कर रही है। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों के ब्रॉन्ज जीतने पर बधाई दी। फ्लाइट में मौजूद लोगों ने भी तालियां बजाकर टीम को मुबारकबाद दी।
फ्लाइट में हुआ स्वागत
हॉकी इंडिया ने कैप्शन में लिखा, ‘पेरिस से भारत लौटते हुए एयर इंडिया ने हमारे खिलाड़ियों के लिए खास जेशचर किया। धन्यवाद।’ फैंस को यह वीडियो काफी पसंद आया। उन्होंने वीडियों पर रिप्लाई करते हुए कहा कि टीम इसकी हकदार है। हालांकि कुछ लोगों ने निराशा भी जताई क खिलाड़ी इकोनमी टिकट पर सफर कर रहे थे। जबकि सरकार को उन्हें बिजनेस क्लास का टिकट देना चाहिए था।