भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू ने दुनिया की नंबर दो खिलाड़ी बनने की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। इंडिया ओपन सुपर सीरीज का खिताब जीतने के चलते सिंधू अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ दूसरी रैंकिंग पर पहुंच सकती है। इस प्रकिया में वह रियो ओलंपिक विजेता कैरोलिना मारिन को भी पीछे छोड़ सकती हैं। वर्तमान में सिंधू पांचवें नंबर पर हैं वहीं मारिन तीसरे पायदान पर है। इंडिया ओपन जीतने से भारतीय खिलाड़ी को 9200 पॉइंट मिलेंगे, वहीं उपविजेता मारिन को 7800 पॉइंट। साथ ही पिछले 52 सप्ताह के परिणामों के आधार पर अंक काटे भी जाते हैं। इस तरह से सिंधू के वर्तमान में 71599 पॉइंट हैं जो कि नई रैंकिंग जारी होने पर 75759 हो जाएंगे और वह नंबर दो पर होंगी। मारिन तीसरे नंबर पर ही रहेंगी। उनके और सिंधू के बीच लगभग 93 अंकों का फासला होगा। चीनी ताइपे की ताई जु यिंग नंबर वन बनी रहेंगी।
सिंधू पहली बार बैडमिंटन रैंकिंग में टॉप-2 में शामिल होंगी। अभी उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पांचवीं रैंक है। भारत की ही साइना नेहवाल को इंडिया ओपन के क्वार्टर फाइनल से बाहर होने का नुकसान एक पायदान नीचे जाकर उठाना होगा। वे अभी आठवें नंबर पर हैं और नौवें नंबर पर खिसक जाएंगी। बता दें कि सिंधू ने इंडिया ओपन में साइना को क्वार्टर फाइनल, दक्षिण कोरिया की सुंग जी ह्यून को सेमीफाइनल और कैरोलिना मारिन को फाइनल में हराया था। मारिन के खिलाफ जीत के बाद अब सिंधू का उनके खिलाफ रिकॉर्ड 4-5 हो गया है। सिंगापुर ओपन में भी दोनों खिलाडि़यों की भिड़ंत हो सकती है।
भारत की साइना नेहवाल वर्ल्ड बैडमिंटन रैंकिंग में नंबर वन बन चुकी हैं। हालांकि अभी खराब प्रदर्शन के चलते वे काफी नीचे चली गई हैं। लेकिन टॉप-10 में वे अभी भी बरकरार हैं। पीवी सिंधू के पास भी नंबर वन बनने का मौका है। अभी वह केवल 21 साल की हैं और उनके पास कई खिताब जीतने का मौका है। ओलंपिक में वह पहली भारतीय महिला हैं जिन्होंने बैडमिंटन में रजत पदक जीता है। उन्होंने साइना नेहवाल के कांस्य पदक के प्रदर्शन को पीछे छोड़ा है। हाल के सालों में भारत में काफी प्रतिभाशाली बैडमिंटन खिलाड़ी उभरे हैं। इन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अच्छा प्रदर्शन किया है।