पेरिस ओलंपिक 2024 में स्पेन के खिलाफ ब्रॉन्ज मेडल मैच भारतीय हॉकी टीम के दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश का आखिरी मैच होगा। पेरिस खेलों से पहले दिग्गज गोलकीपर ने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था। अपने आखिरी मैच से पहले प्रीआर श्रीजेश ने सोशल मीडिया पर एक दिल को छू लेने वाला पोस्ट लिखा। इसमें उन्होंने कहा कि वह हमेशा अपने देश के सपनों के रखवाला रहेंगे।

Paris Olympics 2024, India vs Spain Hockey Bronze Medal LIVE Updates: Watch Here

पेरिस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाली हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली भारतीय टीम सेमीफाइनल में जर्मनी से हार गई थी। वह गुरुवार को ब्रॉन्ज मेडल जीतकर श्रीजेश को यादगार विदाई देना चाहेगी। रिटायरमेंट से पहले श्रीजेश ने इंस्टग्राम पर 3 फोटो पोस्ट की। पहली फोटो पर One Last Time लिखा। तीसरी फोटो टोक्यो ओलंपिक की है। जब भारत ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

श्रीजेश का इमोशनल पोस्ट

श्रीजेश ने लिखा, “मैं आखिरी बार पोस्ट के बीच खड़ा होने वाला हूं। मेरे दिल में कृतज्ञता और गर्व का भाव है। एक युवा लड़के से लेकर भारत के सम्मान की रक्षा करने वाले व्यक्ति बनने तक का यह सफर असाधारण से कम नहीं है। आज मैं भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेलूंगा। हर बचाव, हर डाइव, भीड़ की शोर हमेशा गूंजती रहेगी। मुझ पर भरोसा करने,मेरे साथ खड़े रहने के लिए भारत का शुक्रिया। यह अंत नहीं है, बल्कि यादगार पलों की शुरुआत है। हमेशा से सपनों का रखवाला। जय हिंद।”

श्रीजेश का चौथा ओलंपिक

328 अंतरराष्ट्रीय मैच के अलावा कॉमनवेल्थ गेम्स और वर्ल्ड कप खेल चुके श्रीजेश का यह चौथा ओलंपिक है। 2010 वर्ल्ड कप में डेब्यू करने वाले श्रीजेश भारत की कई यादगार जीत का हिस्सा रहे हैं। वह 2014 एशियन गेम्स में गोल्ड, जकार्ता-पालेमबांग में कांस्य, 2018 में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में संयुक्त विजेता, भुवनेश्वर में 2019 एफआईएच मेंस सीरीज फाइनल में स्वर्ण और बर्मिंघम 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं।

वर्ल्ड गेम्स एथलीट ऑफ द ईयर

36 वर्षीय गोलकीपर ने टोक्यो ओलंपिक में भारत की ऐतिहासिक कांस्य पदक जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2021/22 में भारत के तीसरे स्थान पर रहने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रीजेश को 2021 में मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया और वह वर्ल्ड गेम्स एथलीट ऑफ द ईयर 2021 का पुरस्कार जीतने वाले भारत के केवल दूसरे खिलाड़ी हैं। उन्होंने क्रमशः 2021 और 2022 में लगातार FIH गोलकीपर ऑफ द ईयर पुरस्कार भी जीते हैं। पिछले साल, उन्होंने एशियाई खेलों में भारत के स्वर्ण पदक जीतने में अहम भूमिका निभाई थी, जिसने पेरिस 2024 के लिए टीम की बर्थ को सील कर दिया था।