शिव कपूर तेज हवाओं के बीच दूसरे दौर में चार अंडर 67 के स्कोर से 15 करोड़ येन (लगभग 12 लाख 70 हजार डालर) इनामी पैनासोनिक ओपन गोल्फ टूर्नामेंट में दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। कपूर का कुल स्कोर सात अंडर 135 है और वे शीर्ष पर चल रहे जापान के कोदाई इचिहारा से एक शाट पीछे हैं।
इचिहारा आठ अंडर 134 के कुल स्कोर से शीर्ष पर चल रहे हैं। दो अन्य भारतीयों में राहिल गंगजी (69 और 73) संयुक्त 39वें और जीव मिल्खा सिंह (74 और 70) संयुक्त 61वें स्थान पर चल रहे हैं। चिराग कुमार (74 और 72), गगनजीत भुल्लर (73 और 73), ज्योति रंधावा (72 और 74) और हिम्मत राय (75 और 74) हालांकि कट हासिल करने में नाकाम रहे जिसे दो ओवर पर तय किया गया था।