भारत ने जूनियर हॉकी वर्ल्‍ड कप के फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल में भारत का मुकाबला बेल्जियम से होगा। भारत 15 साल बाद जूनियर हॉकी वर्ल्‍ड कप के फाइनल में पहुंचा है। भारत ने सेमीफाइनल में ऑस्‍ट्रेलिया को पेनल्‍टी शूटआउट में 4-2 से हराया। इससे पहले 70 मिनट के खेल में दोनों टीमें 2-2 से बराबर रहीं थीं। बेल्जियम ने पहले सेमीफाइनल में जर्मनी को शूटआउट में हराया।भारतीय टीम के गोलकीपर विकास दहिया को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दहिया ने मैच के दौरान कई शानदार बचाव किए। साथ शूटआउट के दौरान भी दबाव में वे शांत रहे और ऑस्‍ट्रेलिया के दो हमलों को नाकाम किया।

मैच की शुरुआत से ही भारत ने विपक्षी गोलपोस्‍ट पर हमले बोले लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसी बीच ऑस्‍ट्रेलिया के टॉम क्रेग ने 14वें मिनट में पेनल्‍टी कॉर्नर से गोल दाग कर कंगारूओं को 1-0 से बढ़त बना ली। इसके बाद भारत ने भी हमले तेज किए और पेनल्‍टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन गोल नहीं हो पाया। 35 मिनट के पहले हाफ की समाप्ति तक ऑस्‍ट्रेलिया के पास 1-0 की बढ़त थी। दूसरे हाफ की शुरुआत से ही भारतीय अग्रिम पंक्ति का रूख बदला हुआ नजर आया। इसका फायदा भी देखने को मिला। 42वें मिनट में गुरजंट सिंह ने मैदानी गोल दागते हुए टीम इंडिया को बराबरी दिला दी। छह मिनट बाद ही हरमनप्रीत सिंह ने दूसरा गोल दाग भारत को बढ़त दिला दी।

भारत हालांकि इस बढ़त को ज्‍यादा देर तक बरकरार नहीं रख पाया। लाचलान शार्प ने 57वें मिनट में गोल कर मैच बराबरी पर ला दिया। इसके बाद ऑस्‍ट्रेलिया ने एक के बाद एक कई पेनल्‍टी कॉर्नर हासिल किए। लेकिन भारतीय गोलकीपर ने उन्‍हें नाकाम कर दिया। अंतिम हूटर बजने तक दोनों टीमें 2-2 से बराबर रहीं। इसके चलते मैच पेनल्‍टी शूटआउट में गया। भारत ने अपने शुरुआती चारों मौके भुना दिए। लेकिन ऑस्‍ट्रेलिया पहला गोल दागने के बाद दूसरे और तीसरे राउंड में गोल नहीं दाग पाया। चौथे राउंड में उसकी ओर से गोल हुआ लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। भारत की जीत के बाद कई हस्तियों ने टीम इंडिया ने बधाई दी। इनमें क्रिकेटर गौतम गंभीर,  सीनियर हॉकी टीम के सदस्‍य रुपिंदरपाल सिंह, पीआर श्रीजेश शामिल हैं। गौरतलब है कि श्रीजेश इस टूर्नामेंट के लिए टीम के साथ हैं।

Live Updates
19:33 (IST) 16 Dec 2016
भारत ने ऑस्‍ट्रेलिया को पेनल्‍टी शूटआउट में 4-2 से हराया
19:33 (IST) 16 Dec 2016
भारत जूनियर हॉकी वर्ल्‍ड के फाइनल में, ऑस्‍ट्रेलिया को 4-2 से हराया
19:32 (IST) 16 Dec 2016
ऑस्‍ट्रेलिया ने चौथी पेनल्‍टी भुनाई। अभी अभी 3-2 से पीछे।
19:30 (IST) 16 Dec 2016
भारत ने तीसरी पेनल्‍टी भी भुनाई। 3-1 से आगे।
19:29 (IST) 16 Dec 2016
भारतीय गोलची ने तीसरी पेनल्‍टी बचाई।
19:28 (IST) 16 Dec 2016
भारत ने दूसरी पेनल्‍टी भी भुनाई। 2-1 से आगे।
19:28 (IST) 16 Dec 2016
भारतीय गोलची ने दूसरी पेनल्‍टी बचाई।
19:27 (IST) 16 Dec 2016
भारत ने भी पहली पेनल्‍टी पर गोल दागा।
19:27 (IST) 16 Dec 2016
ऑस्‍ट्रेलिया ने पहली पेनल्‍टी भुनार्इ।
19:27 (IST) 16 Dec 2016
विजेता का फैसला पेनल्‍टी से होगा।
19:22 (IST) 16 Dec 2016
अंतिम सीटी बजने तक 2-2 से बराबर रहे भारत और ऑस्‍ट्रेलिया।
19:09 (IST) 16 Dec 2016
ऑस्‍ट्रेलिया ने दागा बराबरी का गोल। दोनों टीमें 2-2 से बराबर।
18:59 (IST) 16 Dec 2016
भारत ने दागा दूसरा गोल। भारत 2-1 से आगे।
18:54 (IST) 16 Dec 2016
गुरजंट सिंह के गोल की मदद से भारत ने बराबरी हासिल की।
18:48 (IST) 16 Dec 2016
ऑस्‍ट्रेलिया को पेनल्‍टी कॉर्नर। भारतीय रक्षा पंक्ति ने नाकाम किया हमला।
18:48 (IST) 16 Dec 2016
मैच का दूसरा हाफ शुरू
18:44 (IST) 16 Dec 2016
भारतीय टीम ने गंवाए गोल दागने कई मौके। बिखरी हुई सी नजर आई फॉरवर्ड लाइन।
18:43 (IST) 16 Dec 2016
भारत को पहले हाफ में एक पेनल्‍टी कॉर्नर मिला लेकिन गोल में नहीं बदल पाए भारतीय खिलाड़ी।
18:15 (IST) 16 Dec 2016
ऑस्‍ट्रेलिया के लिए टॉम क्रेग ने पहला गोल किया।
18:14 (IST) 16 Dec 2016
ऑस्‍ट्रेलिया ने पेनल्‍टी कॉर्नर को गोल में बदला।
18:13 (IST) 16 Dec 2016
ऑस्‍ट्रेलिया ने हासिल किया पेनल्‍टी कॉर्नर
18:10 (IST) 16 Dec 2016
ऑस्‍ट्रेलिया की ओर से ब्‍लेक गोवर्स 4 गोल के साथ टॉप गोल स्‍कोरर हैं। वहीं भारत की ओर से हरमनप्रीत सिंह ने सबसे ज्‍यादा 3 गोल दागे हैं।
18:09 (IST) 16 Dec 2016
ऑस्‍ट्रेलिया ने आखिरी बार 1997 और भारत ने 2001 में खिताब जीता था।
18:06 (IST) 16 Dec 2016
भारत और ऑस्‍ट्रेलिया ने अभी तक इस टूर्नामेंट में 13-13 गोल दागे हैं
18:03 (IST) 16 Dec 2016
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला शुरू