दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस की विश्व युगल रैंकिंग में चार स्थान का सुधार हुआ है लेकिन साकेत मयनेनी 22 पायदान नीचे खिसक गये हैं हालांकि वह अब भी भारत के नंबर एक एकल खिलाड़ी बने हुए हैं। हाल में न्यूजीलैंड के खिलाफ डेविस में जीत का नया रिकॉर्ड बनाने से चूकने वाले पेस 60वें स्थान पर पहुंच गये हैं। भारत के अन्य युगल खिलाड़ियों में पूरव राजा (59) भी चार जबकि दिविज शरण (57) तीन पायदान ऊपर चढ़े हैं। रोहन बोपन्ना पहले की तरह 28वें स्थान पर काबिज रहकर देश के शीर्ष युगल खिलाड़ी है।
एटीपी की एकल रैंकिंग में मयनेनी 22 पायदान नीचे 227वें स्थान पर खिसक गये हैं। भारतीय खिलाड़ियों में उनके बाद रामकुमार रामनाथन का नंबर आता है जो दो पायदान नीचे 278वें स्थान पर खिसके हैं। डेविस कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले दूसरे अन्य खिलाड़ी युकी भांबरी को एक स्थान का फायदा हुआ है और अब वह 367वें स्थान पर पहुंच गये हैं। महिलाओं की डब्ल्यूटीए रैंकिंग में सानिया मिर्जा पहले की तरह सातवें स्थान पर बनी हुई हैं। उनके 6225 अंक हैं।

