एशियाई खेलों के पूर्व स्वर्ण पदक विजेता विकास कृष्ण चौथे स्थान के साथ अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (एआईबीए) की नवीनतम रैंकिंग में शीर्ष भारतीय पुरुष मुक्केबाज हैं जबकि विश्व चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता सावीती बूरा दूसरे स्थान के साथ महिलाओं में शीर्ष भारतीय मुक्केबाज हैं। एआईबीए पेशेवर मुक्केबाजी का साल का सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज बनने वाले विकास के 75 किग्रा वर्ग में 1350 अंक हैं। विकास रियो ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे। पुरुष मुक्केबाजों में शिव थापा 56 किग्रा वर्ग में सातवें स्थान पर हैं। पूर्व एशियाई चैम्पियन और विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता शिव हाल में लाइटवेट 60 किग्रा वर्ग में हिस्सा लेने लगे हैं।
भारत के एल देवेंद्रो सिंह लाइट फ्लाइवेट (49 किग्रा) वर्ग में 27वें स्थान पर हैं लेकिन शिव की तरह वह भी अब 52 किग्रा वर्ग में हिस्सा लेने लगे हैं। राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व स्वर्ण पदक विजेता मनोज कुमार लाइट वेल्टरवेट (64 किग्रा) वर्ग में 36वें स्थान पर हैं। वह भी अब वेल्टरवेट (69 किग्रा) वर्ग में हिस्सा लेंगे। महिला मुक्केबाजों में सावीती 81 किग्रा वर्ग में 1500 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं। सरजूबाला देवी लाइट फ्लाइवेट वर्ग (48 किग्रा) में तीसरे स्थान पर हैं। निखत जरीन 54 किग्रा वर्ग में 16वें स्थान पर हैं। फ्लाईवेट वर्ग (51 किग्रा) में दिग्गज मुक्केबाज एमसी मैरीकोम को जगह नहीं मिली हैं क्योंकि वह इस साल विश्व चैम्पियनशिप से जल्द बाहर हो गई थी। उन्होंने हाल में दोबारा लाइट फ्लाइवेट वर्ग में चुनौती पेश करने का फैसला किया है।
