भारत की शीर्ष जिम्नास्ट दीपा करमाकर ने रविवार को रियो डि जनेरियो में अंतिम क्वालीफायर और ओलंपिक परीक्षण प्रतियोगिता में प्रभावी प्रदर्शन किया। वे महिला कलात्मक वर्ग में चार उप डिवीजन में से पहली में नौवें स्थान पर रहीं। ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला जिम्नास्ट बनने की कोशिशों में जुटी दीपा ने कुल 52.698 अंक जुटाए।

प्रतियोगिता की समाप्ति के बाद ही उनकी अंतिम रैंकिंग के बारे में पता चलेगा क्योंकि तीन अन्य उप डिवीजन में मुकाबले अभी चल रहे हैं। जिम्नास्टिक अधिकारियों ने हालांकि कहा कि दीपा का क्वालीफाई करना लगभग तय है। अंतरराष्ट्रीय रेफरी दीपक कांगड़ा ने कहा कि 52.698 के स्कोर से दीपा का ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना लगभग तय है। तीन उप डिवीजन के मुकाबले बाकी हैं लेकिन वे पहले ही तीन देशों के जिम्नास्ट को हरा चुकी हैं और इसलिए क्वालीफाई कर चुकी हैं।