भारतीय हॉकी के पूर्व गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने पेरिस ओलंपिक मेडल जीतने के बाद अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया था। बतौर खिलाड़ी अपने करियर को अपना अलविदा कहने वाले श्रीजेश अब डेब्यू के लिए तैयार हैं। श्रीजेश की टीम इंडिया के साथ नई पारी की शुरुआत होने वाली है।

श्रीजेश होंगे टीम के कोच

हॉकी इंडिया ने 19 अक्टूबर से मलेशिया में शुरू होने वाले सुल्तान जोहोर कप के लिए 18 सदस्यीय जूनियर हॉकी टीम का ऐलान किया। इस टीम के कोच पीआर श्रीजेश होंगे और यह टूर्नामेंट उनका बतौर कोच पहला टेस्ट होगा। श्रीजेश के लिए पेरिस ओलंपिक के बाद एक सम्मान समारोह रखा गया था। इसी समारोह में हॉकी इंडिया के भोलानाथ ने श्रीजेश को जूनियर टीम का कोच बनाने का ऐलान किया था।

आमिर अली को बनाया गया टीम का कप्तान

आमिर अली को टीम का कप्तान बनाया गया है वहीं रोहित उप कप्तान होंगे। डिफेंडर आमिर अली और फॉरवर्ड गुरजोत सिंह उस सीनियर टीम का हिस्सा थे जिसने चीन के मोकी में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में अपना खिताब बरकरार रखा था।

भारत का शेड्यूल

भारत अपने अभियान की शुरुआत 19 अक्टूबर को जापान के खिलाफ करेगा। इसके बाद टीम का सामना ब्रिटेन (20 अक्टूबर), मेजबान मलेशिया (22 अक्टूबर), ऑस्ट्रेलिया (23 अक्टूबर) और न्यूजीलैंड (25 अक्टूबर) से होगा। शीर्ष दो टीमें 26 अक्टूबर को होने वाले फाइनल में पहुंचेंगी।

मैचतारीखबनाम
पहला मैच19 अक्टूबरजापान
दूसरा मैच20 अक्टूबरब्रिटेन
तीसरा मैच22 अक्टूबरमलेशिया
चौथा मैच23 अक्टूबरऑस्ट्रेलिया
पांचवां मैच 25 अक्टूबरन्यूजीलैंड

कप्तान अली ने हॉकी इंडिया की विज्ञप्ति में कहा, ‘‘सुल्तान जोहोर कप हमेशा की तरह हमारे कैलेंडर में एक महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है। यह टूर्नामेंट इस साल नवंबर में होने वाले पुरुष जूनियर एशिया कप मस्कट 2024 से पहले टीम के लिए परीक्षा के तौर पर काम करेगा। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘सभी खिलाड़ी मलेशिया में बेहतरीन हॉकी मैच खेलने के लिए उत्साहित हैं। ’’

टीम इस प्रकार है:

गोलकीपर: बिक्रमजीत सिंह, अली खान

डिफेंडर: आमिर अली (कप्तान), तलेम प्रियोबार्ता, शारदानंद तिवारी, सुखविंदर, अनमोल एक्का, रोहित (उप कप्तान)

मिडफील्डर: अंकित पाल, मनमीत सिंह, रोसन कुजूर, मुकेश टोप्पो, चंदन यादव

फॉरवर्ड: गुरजोत सिंह, सौरभ आनंद कुशवाहा, दिलराज सिंह, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद कोनैन डै