अमेरिका की सिमोन बाइल्स दुनिया के सबसे बेहतरीन जिम्नास्ट मानी जाती हैं। बाइल्स के नाम ओलंपिक में 5 और वर्ल्ड चैंपियनशिप में 25 मेडल है। वे वर्ल्ड चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा मेडल जीतने वाली एथलीट हैं। वे हाल ही में 23 साल की हुई हैं। 14 मार्च को बाइल्स का जन्मदिन था। अमेरिका के टेक्सास में रहने वाली बाइल्स की ऊंचाई 4 फुट 8 इंच है। वे 2014, 2015, 2018 और 2019 वर्ल्ड आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक में गोल्ड मेडल जीतने वाली अमेरिकी टीम की सदस्य थी।

इतनी सफलता के बाद भी बाइल्स के जीवन में एक ऐसी घटना हुई थी जिसने उन्हें झकझोर कर रख दिया था। बाइल्स ने जनवरी, 2018 में ट्विटर पर एक चौंकाने वाला बयान जारी किया था। उन्होंने कहा था कि अमेरिकी जिम्नास्टिक टीम के फिजिशियन लैरी नासर ने उनका यौन उत्पीड़न किया था। इसके बाद नासर को 40 से 175 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। बाइल्स ने अगस्त, 2017 में यह घोषणा की थी कि वे साथी जिम्नास्ट स्टार्सी इर्विन के साथ रिलेशनशिप में हैं।

बाइल्स ने 6 साल की उम्र में पहली बार जिम्नास्टिक में अपना हाथ आजमाया था। बाइल्स को कभी मां का प्यार नहीं मिला। वे बचपन में चाइल्ड केयर सेंटर में रहीं। 2003 में बाइल्स के नाना ने उन्हें और उनकी छोटी बहन को आधिकारिक रुप से गोद ले लिया था। इस अमेरिकी जिम्नास्ट ने 2016 रियो ओलंपिक में चार गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था।

बाइल्स वर्ल्ड चैंपियनशिप में कुल 19 गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। वे पेसिफिक रिम चैंपियनशिप में भी दो गोल्ड अपने नाम कर चुकी हैं। बाइल्स एफआईजी वर्ल्ड कप में भी दो गोल्ड और एक सिल्वर जीत चुकी हैं। उनके नाम पांच बार ऑलराउंड वर्ल्ड चैंपियन बनने का कीर्तिमान दर्ज है। वे 2013 से 2015 और 2018 से 2019 में चैंपियन बनी थीं। वे 5 बार वर्ल्ड फ्लोर एक्सरसाइज चैंपियन (2013-15, 2018-19), 3 बार वर्ल्ड बैलेंस बिम चैंपियन (2014-15, 2019), दो बार वर्ल्ड वॉल्ट चैंपियन (2018-19) और 6 बार अमेरिकी नेशनल ऑलराउंड चैंपियन (2013-16, 2018-19) बन चुकी हैं।