Ireland vs New Zealand, 3rd ODI: मार्टिन गप्टिल सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के इस ओपनर ने 35 साल की उम्र 18वां वनडे शतक लगाया है। उनके शतक की मदद से न्यूजीलैंड ने 3 मैच की सीरीज के आखिरी वनडे में आयरलैंड के खिलाफ 50 ओवर में 6 विके पर 360 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। मार्टिन गप्टिल ने 126 गेंद में 15 चौके और 2 छक्के की मदद से 115 रन बनाए। उनके अलावा हेनरी निकोल्स ने 79 रन बनाए। हेनरी निकोल्स ने अपनी 54 गेंद की पारी में 7 चौके और 3 छक्के लगाए।
ऑकलैंड में 30 सितंबर 1986 को जन्में मार्टिन गप्टिल के इंटरनेशनल रनों की संख्या 12977 हो गई है। वह न्यूजीलैंड के लिए पांचवें सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह महान सुनीन गावस्कर के रिकॉर्ड के 13214 (टेस्ट में 10122 और वनडे में 3092 रन) अंतरराष्ट्रीय रनों के रिकॉर्ड से अब सिर्फ 237 रन पीछे हैं। गप्टिल का इस साल पांच वनडे मुकाबलों में यह दूसरका शतक है। यदि वह इसी रफ्तार से रन बनाते रहे तो जल्द ही सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
मार्टिन गप्टिल ने अपने अब तक के करियर में 47 टेस्ट, 192 वनडे और 112 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने क्रमशः 2586, 7207 और 3299 रन बनाए हैं। वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में रोहित शर्मा (3379) और विराट कोहली (3308) के बाद तीसरे नंबर पर हैं। मार्टिन गप्टिल अब तक टेस्ट में 3, वनडे में 18 और टी20 इंटरनेशनल में दो शतक लगा चुके हैं।
आयरलैंड के खिलाफ मैच की बात करें तो गप्टिल और निकोल्स के अलावा कप्तान और विकेटकीपर टॉम लाथम ने 26 गेंद में 30, ग्लेन फिलिप्स ने 30 गेंद में 47 रन बनाए। माइकल ब्रेसवेल 21 और मिशेल सैंटनर 14 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से 40 चौके और 9 छक्के लगे।
आयरलैंड की ओर से जोशुआ लिटिल ने 2 विकेट लिए। कर्टिस कैम्फर, गारेथ डेलेनी और क्रेग यंग भी एक-एक विकेट लेने में सफल रहे। न्यूजीलैंड 3 मैच की सीरीज में 2-0 से आगे है। उसने पहला वनडे एक विकेट और दूसरा वनडे 3 विकेट से जीता था।