U19 World Cup 2020 : आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल आज यानी 6 फरवरी 2020 को बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया। जहां न्यूजीलैंड को बांग्लादेश के हाथों हार का सामना करना पड़ा। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 211 रन बनाए। बेकहम व्हीलर-ग्रीनल उसके टॉप स्कोरर रहे। उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 83 गेंद पर नाबाद 75 रन बनाए।

बेकहम के अलावा फर्गुस लेलमैन ने 24, निकोलस लिडस्टोन ने 44, जेसी टस्कॉफ ने 10, ओली व्हाइट ने 18 और जो फील्ड ने 12 रन बनाए। इनके अलावा उसका कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। बांग्लादेश की ओर से शोरफिर इस्लाम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 45 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके अलावा शमीम हुसैन ने 31 और हसन मुराद ने 34 रन देकर 2-2 विकेट लिए। रकीबुल हसन भी एक विकेट लेने में सफल रहे।

बांग्लादेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की टीम को 6 विकेट  से मात दे दी और पहली बार अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली। बांग्लादेश की तरफ से महमूद हसन जॉय ने  सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 127 गेदों में शानदार 100 रन की पारी खेली। तौहीद हृदॉय ने उनका बखूबी साथ निभाया और 47 गेदों में 40 रन बनाए। इसके अलावा शहादत हुसैन ने भी 51 गेदों में 40 रन की पारी खेली। शहादत हुसैन 40 रन बनाकर और अकबर अली 5 रन बनाकर नाबाद रहे। रविवार यानी 9 फरवरी 2020 को भारत के खिलाफ फाइनल में बांग्लादेश उतरेगा।

इस मैच का लाइव प्रसारण आप Star Sports के विभिन्न नेटवर्क पर देख सकते हैं। इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग Jio tv पर होगी। मैच के ताजा अपडेट के लिए आप हमारी वेबसाइट Jansatta.com पर भी विजिट कर सकते हैं।

Live Blog

Highlights

    20:51 (IST)06 Feb 2020
    बांग्लादेश जीता, फाइनल में भारत से भिड़ंत

    बांग्लादेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की टीम को 6 विकेट  से मात दे दी और पहली बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का फाइनल में जगह बना ली। बांग्लादेश की तरफ से महमूद हसन जॉय ने  सबसे ज्यादा रन बनाए। 

    20:39 (IST)06 Feb 2020
    शतक बनाकर आउट हुए हसन जॉय

    बांग्लादेश के हसन जॉय ने शानदार शतकीय पारी खेली और वह 127 गेदों पर 100 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनके शतक की बदौलत बांग्लादेश की राहें आसान हो गई हैं। बांग्लादेश की टीम जीत के बेहद करीब है और आसानी से यह मैच अपने नाम कर सकती है। जॉय को टैस्कॉफ ने पवेलियन की राह दिखाई।

    20:28 (IST)06 Feb 2020
    शतक के करीब हसन जॉय

    हसन जॉय 118 गेंदों का सामना कर 93 रन बनाकर खेल रहे हैं। वह शतक से महज सात रन दूर हैं।

    19:50 (IST)06 Feb 2020
    महमूदुल हसन जॉय का अर्धशतक पूरा

    महमूदुल हसन जॉय  ने शानदार अर्धशतक पूरा किया। बांग्लादेश की जीत की भूमिका में जॉय अहम भूमिका निभा सकते हैं।  उन्होंने 77 गेंद में अपने अर्धशतक पूरा किया।

    19:27 (IST)06 Feb 2020
    तौहीद हृदॉय लौटे पवेलियन

    तौहीद हृदॉय के रूप में बांग्लादेश को तीसरा झटका लगा है। उन्होंने 47 गेंदों में 40 रन बनाए। तौहीद  आदित्य अशोक की गेंद पर स्टंपिंग हुए। उनका स्थान लेने आए हैं।शहादत हुसैन

    19:02 (IST)06 Feb 2020
    जगी उम्मीद

    महमूदुल हसन जॉय और तौहीद हृदॉय तीसरे विकेट के लिए 50 से ज्यादा रन  की साझेदारी कर चुके हैं। इन दोनों की साझेदारी की मदद से बांग्लादेश ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 90 रन बना लिए हैं। बांग्लादेश को अभी 4.1 के रनरेट से स्कोर करने की जरूरत है।

    18:48 (IST)06 Feb 2020
    संभाली पारी

    बांग्लादेश के दो विकेट जल्दी गिरने के बाद महमूदुल हसन जॉय और तौहीद हृदॉय ने पारी को संभाला। दोनों अब तक 48 गेंद पर 41 रन की साझेदारी कर चुके हैं। तौहीद ने 24 और महमूदुल ने 23 रन बनाए हैं।

    18:18 (IST)06 Feb 2020
    परवेज ने बनाए 14 रन

    बांग्लादेश के दोनों ओपनर आउट हो चुके हैं। तंजीद हसन के बाद परवेज हुसैन इमोन ने भी 14 रन बनाने के बाद पवेलियन की राह पकड़ ली। डेविड हैनकॉक ने नौवें ओवर में उन्हें विकेट के पीछे क्विन सुंडे के हाथों कैच कराया।

    18:05 (IST)06 Feb 2020
    तंजीद ने बनाए 3 रन

    तंजीद हसन के रूप में बांग्लादेश को पहला झटका लगा। वे क्रिस्टीन क्लार्क की गेंद पर थर्ड मैन पर खड़े डेविड हैनकॉक के हाथों लपके गए। तंजीद ने 9 गेंद पर 3 रन बनाए। उनकी जगह महमूदुल हसन जॉय बल्लेबाजी के लिए आए।

    17:44 (IST)06 Feb 2020
    परवेज और तंजीद क्रीज पर

    बांग्लादेश की ओर से परवेज हुसैन इमोन और तंजीद हसन ने पारी की शुरुआत की। न्यूजीलैंड की ओर से पहला ओवर जो फील्ड ने फेंका। इस ओवर में बांग्लादेश ने 3 रन बनाए। दूसरा ओवर क्रिस्टीन क्लार्क लेकर आए। उनके ओवर में बांग्लादेश ने 5 रन बनाए। जो फील्ड के अगले ओवर में बांग्लादेश ने फिर 5 रन लिए।

    17:09 (IST)06 Feb 2020
    इस्लाम सबसे सफल बांग्लादेशी

    बांग्लादेश की ओर से शोरफिर इस्लाम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 45 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके अलावा शमीम हुसैन ने 31 और हसन मुराद ने 34 रन देकर 2-2 विकेट लिए। रकीबुल हसन भी एक विकेट लेने में सफल रहे।

    17:09 (IST)06 Feb 2020
    83 गेंद 75 रन

    न्यूजीलैंड ने 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए बेकहम व्हीलर-ग्रीनल की शानदार पारी के दम पर बांग्लादेश को जीत के लिए 212 रनों का लक्ष्य दिया। बेकहम ने 83 गेंद पर 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 75 रन बनाए।

    16:54 (IST)06 Feb 2020
    आठवां विकेट गिरा

    न्यूजीलैंड के बेकहम एक छोर पर टिके हुए हैं। वहीं 9वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए जो फील्ड एक चौका और एक छक्का जड़कर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 11 गेंद पर 12 रन बनाए। उन्हें शोरफिर इस्लाम ने हसन मुराद के हाथों कैच आउट कराया।

    16:40 (IST)06 Feb 2020
    ऐसे आउट हुए क्लार्क

    न्यूजीलैंड का 7वां विकेट गिर गया है। क्रिस्टियान क्लार्क को शोरफिर इस्लाम ने बोल्ड कर दिया। क्लार्क इस गेंद को स्वीप करना चाहते थे, लेकिन बॉल थोड़ा स्लो रही और उनका विकेट उखड़ा गई। क्लार्क ने 9 गेंद में 7 रन बनाए।

    16:30 (IST)06 Feb 2020
    बेकहम की फिफ्टी

    न्यूजीलैंड के निकोलस लिडस्टोन तो अर्धशतक नहीं बना पाए, लेकिन बेकहम व्हीलर-ग्रीनल ने जरूर अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। उन्होंने 4 चौके और एक छक्के की मदद से 64 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया।

    16:08 (IST)06 Feb 2020
    निकोलस अर्धशतक के करीब

    निकोलस लिडस्टोन और बेकहम व्हीलर-ग्रीनल दोनों ने न्यूजीलैंड की पारी संभाल ली है। दोनों पांचवें विकेट के लिए अब तक 86 गेंदों पर 65 रन जोड़ लिए हैं। निकोलस लिडस्टोन 44 और बेकहम 35 रन पर खेल रहे हैं।

    14:29 (IST)06 Feb 2020
    ऐसे हुए आउट

    12वें ओवर में न्यूजीलैंड को दूसरा झटका लगा। धीमी गति से खेल रहे उसके ओपनर ओली व्हाइट पवेलियन लौट गए। उन्होंने 43 गेंद पर 18 रन बनाए। रकीबुल हसन की गेंद पर विकेट के पीछे अकबर अली ने उनका कैच पकड़ा।

    14:04 (IST)06 Feb 2020
    यह है नियम

    बारिश के कारण मैच रद्द होने की स्थिति में भी बांग्लादेश फाइनल में पहुंच जाएगा। ऐसे में न्यूजीलैंड को यदि 22 साल बाद फाइनल में फिर से जगह बनानी है तो उसे हर हाल में यह मुकाबला जीतना ही होगा।

    13:56 (IST)06 Feb 2020
    नहीं होगा सुपर ओवर

    बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे इस मैच में यदि दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहता है तो भी सुपर ओवर नहीं होगा। ऐसी स्थिति में बांग्लादेश फाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएगा। 

    13:43 (IST)06 Feb 2020
    एक रन पर आउट

    न्यूजीलैंड को दूसरे ओवर में तगड़ा झटका लग गया। शमीम हुसैन की गेंद पर राइस मारीउ कवर में तंजीद हसन को अपना कैच थमा बैठे। वे पांच गेंद पर सिर्फ एक रन ही बना पाए।

    13:40 (IST)06 Feb 2020
    1 ओवर 1 रन

    न्यूजीलैंड की ओर से राइस मारीउ और ओली व्हाइट ने पारी की शुरुआत की। बांग्लादेश की ओर से पहला ओवर शोरफिर इसलाम लेकर आए। पहले ओवर में न्यूजीलैंड सिर्फ एक रन बना पाया।

    13:17 (IST)06 Feb 2020
    बांग्लादेश की आखिरी एकादश

    बांग्लादेश : अकबर अली (कप्तान/विकेटकीपर), तंजीद हसन, परवेज हुसैन इमोन, महमूदुल हसन जॉय, तौहीद ह्रदयॉय, शहादत हुसैन, शमीम हुसैन, तंजीम हसन साकिब, रकीबुल हसन, हसन मुराद, शोरफिर इसलाम।

    13:15 (IST)06 Feb 2020
    न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन

    न्यूजीलैंड : जेसी टस्कॉफ (कप्तान), राइस मारीउ, ओली व्हाइट, फर्गुस लेलमैन, निकोलस लिडस्टोन, बेकहम व्हीलर-ग्रीनल, क्विन सुंडे (विकेटकीपर), आदित्य अशोक, जॉय फील्ड, क्रिस्टियान क्लार्क, डेविड हैनकॉक।

    13:08 (IST)06 Feb 2020
    न्यूजीलैंड की पहले बल्लेबाजी
    13:01 (IST)06 Feb 2020
    थोड़ा इंतजार और

    दोनों टीमों के कप्तान टॉस के लिए मैदान पर पहुंच गए हैं। टॉस होने ही वाला है। बांग्लादेश इतिहास रचने को तैयार है। वहीं, न्यूजीलैंड भी 22 साल बाद फिर से फाइनल खेलने की सोच रहा है।