देहरादून में जारी नेशनल गेम्स में कई युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बुधवार को एथलेटिक्स के जैवलिन थ्रो इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर सचिन यादव ने भी यही कमाल किया। उत्तर प्रदेश के 25 साल के खिलाड़ी ने यहां नेशनल गेम्स रिकॉर्ड कायम किया। सिर्फ यही नहीं उन्होंने इस टूर्नामेंट में नीरज चोपड़ा के प्रदर्शन से भी बेहतर प्रदर्शन किया है।

सचिन यादव ने की थी धीमी शुरुआत

सचिन यादव ने अपने पहले प्रयास में 65.96 मीटर पर थ्रो किया था। दूसरे थ्रो में 76.43 मीटर की दूरी तय की थी। उनका तीसरा थ्रो 78.72 मीटर का रहा। अपने चौथे थ्रो में उन्होंने 81.6 मीटर की दूरी पर जैवलिन फेंक कर लीड हासिल कर ली। उनका चौथा थ्रो 84.39 मीटर का था जो उन्हें गोल्ड मेडल जिताने के लिए काफी था। 84.39 का उनका यह थ्रो इस साल का दुनिया में सर्वश्रेष्ठ थ्रो था।

इस इवेंट का सिल्वर मेडल उत्तर प्रदेश के ही रोहित यादव के नाम रहा जिन्होंने 80.47 का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। रोहित यादव ने इंजरी के बाद वापसी की। वहीं विकास शर्मा ने 79.33 मीटर के थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। सचिन यादव का 84.39 मीटर अब नीरज चोपड़ा (89.94 मीटर), किशोर जेना (87.54 मीटर), शिवपाल सिंह (86.23 मीटर) और देविंदर सिंह कांग (84.57 मीटर) के बाद किसी भारतीय के करियर का 5वां सर्वश्रेष्ठ थ्रो है।

नीरज चोपड़ा से भी बेहतर प्रदर्शन

सचिन यादव ने इससे पहले बीते साल ऑल इंडिया पुलिस एथलेटिक्स में 84.31 का थ्रो किया जो कि उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। अब उन्होंने इसमें सुधार किया है। सचिन ने 10 साल पुराना नेशनल गेम्स रिकॉर्ड भी तोड़ा। उन्होंने हरियाणा के राजेंद्र सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 2015 में 81.23 मीटर के साथ गोल्ड मेडल जीता था। इसी इवेंट में दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट और वर्ल्ड चैंपियन नीरज चोपड़ा ने भी हिस्सा लिया था। इस खिलाड़ी ने केरल की राजधानी तिरुवंतपुरम में हुए नेशनल गेम्स में 73.45 मीटर का थ्रो किया था। सचिन इससे काफी आगे हैं।

अनिमेष कुजूर का शानदार प्रदर्शन

हर्डल रेस की स्टार खिलाड़ी ज्योति याराजी और एथलीट अनिमेष कुजूर ने मंगलवार को अपना क्रमश: दूसरा और तीसरा स्वर्ण पदक जीता। वहीं रेस वॉक के 15 खिलाड़ियों ने खेलों के पिछले रिकॉर्ड से बेहतर प्रदर्शन किया। सेना इस बीच पदक तालिका में शीर्ष पर बरकरार है। इससे पहले 100 मीटर और चार गुणा 100 मीटर का खिताब जीतने वाले ओडिशा के 21 वर्षीय कुजूर ने 20.58 सेकेंड के समय के साथ पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में भी स्वर्ण पदक जीता।