Diamond League Athletics 2024, Neeraj Chopra Kishore Jena: भारत के ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने अपने सीजन की शुरुआत दोहरा डायमंड लीग में दूसरे स्थान के साथ की। पेरिस ओलंपिक से पहले इस साल का पहला टूर्नामेंट खेल रहे नीरज ने 88.36 मीटर का बेस्ट थ्रो फेंका। वह पहले स्थान पर रहने वाले चेक गणराज्य के याकूब वालडेक से केवल दो सेंटीमीटर पीछे थे जिनका बेस्ट थ्रो 88.38 मीटर का रहा। वहीं एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने वाले भारतीय किशोर जेना ने निराशाजनक प्रदर्शन किया और वह 80 मीटर का मार्क भी हासिल नहीं कर सके। उन्हें पेरिस ओलंपिक से पहले रिएलिटी चेक मिला।

नीरज चोपड़ा ने फाउल के साथ शुरुआत की। इसके बाद दूसरे थ्रो में उन्होंने भाला 84.93 मीटर दूर फेंका। इसके बाद नीरज ने तीसरे थ्रो में 86.24 मीटर, चौथे थ्रो में 86.18 मीटर और पांचवें थ्रो में 82.28 मीटर की दूरी तक भाला फेंका।

इसके बाद आखिरी अटेंप्ट में नीरज का सर्वश्रेष्ठ थ्रो आया। उन्होंने 88.36 मीटर का थ्रो फेका। वह याकूब से केवल दो सेंटीमीटर पीछे रहे जिन्होंने अपने तीसरे थ्रो में 88.38 मीटर तक भाला फेंका था। याकूब पहले, नीरज दूसरे और 86.62 मीटर के साथ ग्रेनेडा के पीटर एंडरसन तीसरे स्थान पर रहे। नीरज ने बीते साल दोहा डायमंड लीग में पहला स्थान हासिल किया।

किशोर जेना ने किया निराश

एशियन गेम्स में 87.54 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीतने वाले किशोर जेना दोहा में 80 मीटर भी पार नहीं कर सके। उन्होंने अपने पहले अटेंप्ट में 75.72 मीटर का थ्रो फेंका, उनका दूसरा अटेंप्ट फाउल रहा वहीं तीसरे अटेप्ट में उन्होंने 76.31 मीटर तक भाला फेंका। तीन अटेंप्ट के बाद वह नौवें स्थान पर रहे और प्रतियोगिता से बाहर हो गए। किशोर पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं और उससे पहले उनके लिए लीग रिएलिटी चेक बन गई।

डायमंड लीग मीट में नहीं मिलते मेडल

डायमंड लीग मीट में खिलाड़ियों को मेडल्स नहीं दिए जाते। खिलाड़ियों के स्थान दिया जाता है जिसके आधार पर उन्हें अंक मिलते हैं। पहले स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को 8 अंक मिलते हैं और फिर इसी तरह एक से बाकी खिलाड़ियों को अंक दिए जाते हैं। सभी डायमंड मीट हो जाने के अंकों के लिहाज से टॉप 8 खिलाड़ी फाइनल में हिस्सा लेते हैं।