टाटा स्टील चेस टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। चाहे आर वैशाली हो, वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश हो या फिर आर प्रज्ञानंद हो। इस बीच उजबेकिस्तान के ग्रैडमास्टर नोदिरबेक योकूबेव ने भारतीय खिलाड़ी के साथ मैच में कुछ ऐसा किया जिससे विवाद खड़ा हो गया। नोदरिबेक ने अपने मुस्लमान होने को इसका कारण बताया और अब खुद जाकर माफी भी मांगी। क्या है ये पूरा मामला विस्तार से जानिए।
नोदिरबेक ने वैशाली से नहीं मिलाया हाथ
टाटा स्टील चेस के चौथे राउंड के मैच में वैशाली का का मुकाबला नोदिरबेक से था। मैच से पहले आमतौर पर खिलाड़ी हाथ मिलाते हैं। वैशाली ने हाथ आगे बढ़ाया हालांकि नोदिरबेक ने हाथ नहीं मिलाया और सीधा सीट पर बैठ गए। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ। नोदिरबेक ने इसके बाद एक्स पर पोस्ट करके इसका कारण बताया। उन्होंने कहा कि वह मुस्लिम होने के कारण वह लड़कियों से हाथ नहीं मिलाते हैं।
हालांकि लोगों ने उनका पुराना वीडियो शेयर किया जिसमें भारत की अन्य चेस खिलाड़ी दिव्या देशमुख से हाथ मिला रहे थे। इसके बाद नोदिरबेक ने खुद जाकर वैशाली से माफी मांगने का भी फैसला किया।
नोदिरबेक ने मांगी माफी
गुरुवार को टाटा स्टील का रेस्ट डे था। ऐसे में नोदिरबेक वैशाली से मिलने पहुंचे। वैशाली के साथ उनके भाई प्रज्ञानंद औऱ मां भी मौजूद थी। नोदिरबेक ने वैशाली को फूल और चॉकलेट दिए और पूरे वाकये के लिए मांफी मांगी।
वैशाली को दी शुभकामनाएं
उन्होंने कहा, ‘जो कुछ हुआ उसके लिए मुझे खेद है। यह हम दोनों के लिए एक अजीब स्थिति थी। मैं उस दिन जल्दी में था। यह ग़लतफ़हमी है, मुझे खेद है। मैं आपको और आपके भाई को शुभकामनाएं देना चाहता हूं। मैं आपका और आपके भाई और सभी भारतीय शतरंज खिलाड़ियों का सम्मान करता हूं। समझने के लिए धन्यवाद।’
वैशाली ने दिखाया बड़ा दिल
वैशाली ने जवाब में कहा कि वह उनकी स्थिति समझती है और उन्हें माफी मांगने की जरूरत नहीं है। उन्होंने इसका बुरा नहीं माना। वैशाली के भाई और ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानंद ने भी नोदिरबेक से कहा कि उन्हें इसे लेकर परेशानहोने की जरूरत नहीं है। नोदिरबेक ने प्रज्ञानंद से हाथ मिलाया।