आईपीएल के आगामी सत्र यानी कि 2020 के लिए 19 दिसंबर को हुई नीलामी में सभी 8 फ्रेंचाइजियों ने दुनिया भर के तमाम खिलाड़ियों पर दांव लगाया। इसमें कुछ खिलाड़ियों पर पैसे की बारिश हुई तो कुछ को इस सीजन के लिए किसी भी टीम ने मौका नहीं दिया। इसमें जो सबसे हैरान करने वाला नाम था तो मनोज तिवारी का था।

इस खिलाड़ी को लगातार दूसरी बार किसी भी टीम ने शामिल नहीं किया। उन्होंने अपना बेस प्राइज 50 लाख का रखा था लेकिन किसी ने भी उनमें दिलचस्पी नहीं दिखाई। लेकिन, मनोज तिवारी ने अनसोल्ड रहने के बाद भी इस नीलामी प्रक्रिया को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया है।

34 साल के इस खिलाड़ी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें वह समंदर किनारे हाथ में प्याला लिए नजर आ रहे हैं। इसका कैप्शन लिखते हुए मनोज ने कहा कि- जीवन केवल जीने के लिए ही नहीं, बल्कि सेलिब्रेट करने के लिए है। लिहाजा मैं आईपीएल 2020 में खरीददार न मिलने को सेलिब्रेट कर रहा हूं। मनोज तिवारी के शामिल नहीं किए जाने पर कई खिलाड़ियों ने अपनी हैरानी व्यक्त की थी।

 

2018 में मनोज तिवारी ने पंजाब की तरफ से आईपीएल मैच खेला था। अबतक खेले गए 98 मैचों में वह सात अर्द्धशतकों के साथ 1695 रन बना चुके हैं। उन्होंने कई फ्रेंचाइजियों के लिए खेला है। हाल ही में तिवारी ने कहा था कि 34 साल की उम्र में उन्हें यह लगता है कि अभी वह 10 साल और खेल सकते हैं। उनके लिए उम्र सिर्फ एक नंबर है। आप जहीर खान और वसीम जाफर को देखिए। जहीर हाल ही में टी-10 लीग, अबू धाबी में खेलते दिखाई दिए थे और वसीम जाफर रणजी ट्रॉफी में खेले।