हंगरी के 19 साल के तैराक क्रिस्टोफ मिलाक सबसे कम समय में 200 मीटर बटरफ्लाई की रेस पूरी करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने दक्षिण कोरिया के ग्वांगझू में वर्ल्ड एक्वाटिक्स चैंपियनशिप में एक मिनट 50:73 सेकंड में यह दूरी तय की। मिलाक ने ओलंपिक में सबसे ज्यादा गोल्ड मेडल जीतने वाले माइकल फेल्प्स का 18 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है। फेल्प्स ने 2009 में रोम में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में 200 मीटर बटरफ्लाई की रेस 1 मिनट 51:51 सेकंड में पूरी की थी।

अमेरिका के फेल्प्स ने सबसे पहले 2001 में 15 साल की उम्र में 1 मिनट 54:92 सेकंड में 200 मीटर बटरफ्लाई की रेस पूरी कर हमवतन थॉमस एंड्रयू मालकोव का रिकॉर्ड तोड़ा था। इसके बाद फेल्प्स ने 7 बार (1:54.:58, 1:53:93, 1:53:80, 1:53:71, 1:52:09, 1:52:03, 1:51:51 मिनट) अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। मालकोव ने 17 जून 2000 को 1 मिनट 55:18 सेकंड में 200 मीटर बटरफ्लाई की रेस पूरी कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।

फेल्प्स ने 2016 रियो ओलिंपिक के बाद तैराकी से संन्यास ले लिया था। वे ऑलटाइम बेहतरीन ओलंपियन माने जाते हैं। उन्होंने ओलंपिक में 28 पदक जीते हैं। इसमें 23 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। उन्होंने अपने पूरे करियर के दौरान कुल 66 स्वर्ण, 14 रजत और 3 कांस्य पदक जीते थे। हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में जन्में मिलाक का 200 मीटर बटरफ्लाई में यह पहला खिताब है। स्वर्ण पदक जीतने के बाद मिलाक ने कहा, ‘यह रिकॉर्ड बनाना मेरे लिए गर्व की बात है। 14 साल की उम्र तक मैं बैकस्ट्रोकर था। उसके बाद अपना ध्यान बटरफ्लाई में लगाया। यहां भी मैं सिर्फ 100 मीटर स्पर्धा में ही हिस्सा लेता था, क्योंकि मैं ज्यादा ताकतवर नहीं था।’

मिलाक इस स्पर्धा में पहले हॉफ तक दूसरे नंबर पर थे। दक्षिण अफ्रीका के चाड ले क्लोस उनसे आगे चल रहे थे। दूसरे हॉफ में मिलाक ने सबको पीछे छोड़ दिया। जापान के डाइया सेतो एक मिनट 53:56 सेकंड का समय निकालकर दूसरे नंबर पर रहे। क्लोस को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। उन्होंने एक मिनट 54:15 सेकंड में रेस पूरी की।