जयदेव उनादकट मंगलवार यानी 2 फरवरी 2021 को गुजरात के आणंद में एक समारोह में मंगेतर रिनी के साथ शादी के बंधन में बंध गए। उनादकट ने रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन में सौराष्ट्र का नेतृत्व किया था। उनकी अगुआई में ही सौराष्ट्र ने मार्च 2020 में पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था। उन्होंने सौराष्ट्र को रणजी चैंपियन बनाने के दो दिन बाद ही रिनी से सगाई की थी। जीत के बाद उनादकट ने पिच को किस किया था।
उनादकट इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेले थे। उनादकट ने 2 फरवरी 2021 को रिनी के साथ शादी की थी। हालांकि, उन्होंने यह बात 3 फरवरी को सोशल मीडिया के जरिए सार्वजनिक की। जयदेव उनादकट और रिनी की शादी में केवल करीबी रिश्तेदारों को ही आमंत्रित किया गया था। जयदेव उनादकट ने ट्विटर और इंस्टाग्राम पर बताया कि परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में उन्होंने रिनी कंटारिया के साथ शादी की। शादी का कार्यक्रम छोटा रहा और सिर्फ करीबी लोग ही इसमें मौजूद रहे। उनादकट ने जिंदगी की दूसरी पारी के लिए सभी से दुआएं भी मांगी।
जयदेव और रिनी का परिवार शादी समारोह के लिए दो दिनों से आणंद में था। शादी समारोह में बीसीसीआई के पूर्व सचिव निरंजन शाह, उनके बेटे जयदेव शाह, गुजराती अभिनेत्री भक्ति कुबावत और उनकी सौराष्ट्र रणजी टीम के सदस्य भी मौजूद थे। जयदेव उनादकट की पत्नी रिनी पेशे से वकील हैं।
View this post on Instagram
बात अगर उनादकट के क्रिकेट करियर की करें तो उनकी गिनती आईपीएल के स्टार खिलाड़ियों में की जाती है। आईपीएल में वह राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हैं। साल 2010 में उन्होंने अंडर-19 विश्व कप में भारत की अगुआई भी की थी। हालांकि, वह भारतीय क्रिकेट टीम (सीनियर) के लिए ज्यादा नहीं खेल पाए हैं।
उनादकट ने अब तक भारत के लिए एक टेस्ट, सात वनडे और 10 टी20 मैच खेले हैं। उन्होंने 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। साल 2013 में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे डेब्यू करने के बाद उन्हें कुल आठ विकेट मिले हैं। टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम 14 विकेट हैं।