पिछले साल गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले युवा निशानेबाज अनीश भनवाला ने जर्मनी में चल रहे आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप में बुधवार को 20 मीटर रैपिड फायर पिस्टल इवेंट का गोल्ड मेडल जीत लिया। अनीश के स्वर्ण पर निशाना साधने के साथ ही भारत के इस वर्ल्ड कप में 8 गोल्ड समेत 18 पदक हो गए हैं। वह अंक तालिका में पहले नंबर पर है। चीन 6 गोल्ड मेडल के साथ दूसरे नंबर पर है। उसके निशानेबाजों ने अब तक कुल 15 पदक जीते हैं।
अनीश का इस प्रतियोगिता में दूसरा पदक है। वे 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल कांस्य पदक भी जीत चुके हैं। अनीश ने 20 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में कुल 29 का स्कोर किया। इस इवेंट का रजत पदक रूस के इगोर इस्माकोव ने जीता। उन्होंने 23 अंक हासिल किए। जर्मनी के पीटर फ्लोरियान 19 अंक के साथ तीसरे नंबर पर रहे। उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। भारत के दो अन्य निशानेबाज आदर्श सिंह और अग्नेय कौशिक इस इवेंट में क्रमशः चौथे और छठे नंबर पर रहे।
इस वर्ल्ड कप में भारत की इलावेनिल वलारीवन महिलाओं की 10 मीटर राइफल में स्वर्ण और मेहुली घोष रजत पदक जीत चुकी हैं। श्रेया अग्रवाल और यशवर्धन की जोड़ी ने 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीता था। भारत के गौरव राना ने 50 मीटर पिस्टल में स्वर्ण और अर्जुन सिंह चीमा ने इसी स्पर्धा का रजत पदक जीता था। इशा सिंह 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। प्रिया राघव ने 50 मीटर पिस्टल में रजत पदक और विभूति भाटिया ने इसी वर्ग में कांस्य पदक जीता था। 25 मीटर पिस्टल में स्वर्ण जीतने वाले भारत के उदयवीर सिद्धू अब तक 3 पदक जीत चुके हैं। 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल में भारत के आदर्श सिंह ने रजत पदक जीता था।
पदक तालिका (17 जुलाई शाम 7:00 बजे तक)
| देश | स्वर्ण पदक | रजत पदक | कांस्य पदक | कुल |
| भारत | 8 | 7 | 3 | 18 |
| चीन | 6 | 4 | 5 | 15 |
| रूस | 3 | 2 | 1 | 6 |
| इटली | 2 | 1 | 3 | 6 |
| नार्वे | 2 | 1 | 0 | 3 |
